33.5 C
Panipat
October 6, 2026
Voice Of Panipat
Sports

इतिहास रचने का गवाह बन रहा बीकानेर का मल्टीपर्पज करणी सिंह स्टेडियम ऑडिटोरियम

बीकानेर, 6 अक्टूबर 2026। कल घोषित होंगे विजेता, भव्य समापन समारोह के साथ होगा प्रतियोगिता का समापन- बीकानेर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक खेलकूद प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक पड़ाव पर पहुंच गई है। प्रतियोगिता के छठे दिन मंगलवार को एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक के रोमांचक मुकाबले आयोजित हुए। जोधपुर, नागौर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और पाली सहित विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार संतुलन, तालमेल, लचीलापन और खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और उत्साह से मल्टीपर्पज करणी सिंह स्टेडियम ऑडिटोरियम प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के ऐतिहासिक संगम का गवाह बन रहा है। अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।

जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों का उत्साह और अनुशासन यह दर्शाता है कि राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बीकानेर में एक ही मंच पर इतनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन होना गौरव का विषय है। प्रतियोगिताएं केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि करणी सिंह स्टेडियम में दिखाई दे रहा खिलाड़ियों का जोश राजस्थान के उज्ज्वल खेल भविष्य की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत करता है।

आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्य लाजवंती ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों द्वारा लगातार समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) किशनदान चारण, लेडी एल्गिन स्कूल की व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षिका सुधा व्यास, शारीरिक शिक्षक शिवराज सिंह, नारायण दास पणिया, रामकुमार जी, पवन नायक, संतोष नायक, शिव नायक, राजेश नायक, यशपाल सिंह (जोधपुर), सुरेश खेड़िया, सुनील सैन, युद्धवीर सिंह, अजय कुमार, सुधीर शर्मा, अशोक, उपेन्द्र सिंह शेखावत एवं अमित चौधरी सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी, कार्मिक, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगा। अंतिम मुकाबलों के बाद विजेता खिलाड़ियों की घोषणा की जाएगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। छह दिनों से जारी खेल प्रतिभाओं के इस संगम के अंतिम दिन को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

Related posts

चंडीगढ़ में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन

Voice of Panipat

हरियाणा तैयार 36वें नेशनल गेम्स के लिए

Voice of Panipat

Cyclonic storm ARNAB : चक्रवाती तूफान अर्णब मचाएगी तबाही! IMD ने चेतावनी के बाद इस राज्य में स्कूलों की छुट्टी

Sahab Ram

Leave a Comment