हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में होनहार विद्यार्थियों के लिए कई योजनाएं चलाई हुई है, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का प्रोत्साहन मिल सके।सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग द्वारा अब दसवीं व 12वीं कक्षा में 60 से 75 प्रतिशत तक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के बैंक खाते में सरकार द्वारा 8 से लेकर 12 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
योजना का लाभ अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग एवं सामान्य वर्ग के विद्यार्थी उठा सकते है। हरियाणा सरकार द्वारा डॉ. अम्बेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति, डीएनटी, टपरीवास जाति के छात्र/छात्राओं को 10वीं में 60 प्रतिशत अंक ग्रामीण क्षेत्र से व 70 प्रतिशत अंक शहरी क्षेत्र से प्राप्त करने पर।
इसी प्रकार 12वीं में 70 प्रतिशत अंक ग्रामीण क्षेत्र से तथा 75 प्रतिशत अंक शहरी क्षेत्र से प्राप्त करने पर और अगली कक्षा में प्रवेश होने पर तथा स्नातक में ग्रामीण क्षेत्र से 60 प्रतिशत अंक व शहरी क्षेत्र से 65 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर आठ से 12 हजार रुपये तक छात्रवृति दी जाएगी।
इसी प्रकार पिछडे वर्ग ब्लॉक ए के लिए जिन छात्र-छात्राओं ने 10वीं की कक्षा में 60 प्रतिशत अंक ग्रामीण क्षेत्र से तथा 70 प्रतिशत अंक शहरी क्षेत्र से प्राप्त किए हों। पिछड़े वर्ग ब्लॉक बी तथा सामान्य वर्ग के जिन छात्र-छात्राओं ने 10वीं कक्षा में 75 प्रतिशत अंक ग्रामीण क्षेत्र से तथा 80 प्रतिशत अंक शहरी क्षेत्र से प्राप्त किए हो और अगली कक्षा में प्रवेश किया हो को आठ हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
केवल इन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ
जिला कल्याण अधिकारी कृष्णा भारद्वाज ने बताया कि योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक छात्र हरियाणा का स्थाई निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय सभी साधनों से चार लाख रुपये तक होनी चाहिए। छात्र सरल पोर्टल की वेबसाईट https://saralharyana.gov.in पर शैक्षणिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता, वर्तमान कक्षा का आईडी कार्ड, अंडरटेकिंग सहित 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
छात्र पूर्ण निर्धारित दस्तावेज ही ऑनलाइन सबमिट करें ताकि स्कीम का लाभ प्रदान किया जा सके। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर कार्यालय के दूरभाष नं0 0184-2266093 पर सम्पर्क करें। योग्य छात्र अंत्योदय भवन करनाल में जाकर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।

