वॉयस ऑफ पानीपत (तमन्ना गोयल) – शहर में अग्नि सुरक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती बढ़ा दी है। कोचिंग सेंटरों, अस्पतालों, व्यावसायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। जिन संस्थानों को पहले नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उन्हें पुनः नोटिस भेजकर कमियों को दूर करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय निरीक्षण टीम संबंधित भवनों का दोबारा निरीक्षण करेगी। यदि इस दौरान भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए मामला अग्निशमन विभाग को भेजा जाएगा।

(Ai generated) फिर से कोचिंग-अस्पतालों की अग्नि जांच
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यालय में जिला स्तरीय निरीक्षण टीम की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी (नागरिक) मनीष कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने अग्नि सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कहा कि संस्थानों और भवनों को पुनः नोटिस जारी करने के बाद निरीक्षण किया जाएगा कि अग्नि सुरक्षा से संबंधित कमियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
जिला दमकल अधिकारी गुरमीत सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि पिछले निरीक्षण के दौरान कई भवनों में गंभीर खामियां सामने आई थीं। इनमें बिना अनुमति किए गए निर्माण, अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था का अभाव, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी मार्गों की कमी और अन्य सुरक्षा संबंधी कमियां शामिल थीं। ऐसे भवनों का दोबारा निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया जाएगा| बैठक में अग्निकांड की घटनाओं से बचाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती गर्मी और व्यस्त व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए भवन संचालकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। भवन मालिकों और संस्थान संचालकों से कहा गया कि वे समय-समय पर अग्निशमन उपकरणों की जांच कराते रहें तथा भवन में आने-जाने के सभी रास्तों को हर समय खुला रखें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए। साथ ही सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता जांच लें और आपातकालीन नंबर्स को प्रदर्शित करें। जिला प्रशासन ने संबंधित संस्थानों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करें और निरीक्षण से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर लें।
TEAM VOICE OF PANIPAT

