वॉयस ऑफ पानीपत (हिमांशी चावला ) – हरियाणा में पिछले छह दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बाद सोमवार को मौसम ने करवट ली। जहाँ अंबाला, फरीदाबाद और पंचकूला में तेज बारिश हुई, जबकि पानीपत समेत कई जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में पूरे हरियाणा में मानसून फिर से पूरी तरह से सक्रिय होगा और कई जिलों में बारिश होने की संभावना है । मौसम विभाग ने 20 और 22 जुलाई के बीच पंचकूला ,अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, इन जिलों में गरज – चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है।

हरियाणा में बारिश की संभावना
वही पानीपत,करनाल,कुरुक्षेत्र, कैथल,सोनीपत,रोहतक, गुरूग्राम,फरीदाबाद और झज्जर समेत कई जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है ।अगले दो दिनों तक प्रदेश में कई हिस्सों में हल्की रुक – रुक कर बारिश होने की संभावना है। बारिश से पहले रविवार को रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 21 जुलाई को बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं, जबकि 24 और 25 जुलाई को भी कई जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
बारिश होना किसानों के लिए भी राहत की खबर है। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण बाजरा समेत खरीफ फसलों पर असर पड़ रहा था। अब अच्छी बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी, फसलों की उपज बेहतर होगी और किसानों को सिंचाई पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
TEAM VOICE OF PANIPAT

