वॉयस ऑफ पानीपत (तमन्ना गोयल) – फरीदाबाद के शाहपुर कलां की आगरा नहर में दो व्यक्तियों के शव काले रंग की डेटा केबल से बंधे हुए मिले हैं। और युवक के चेहरे पर चोट के निशान भी मिले हैं। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय आकाश और 26 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। दोनों पक्षों के परिजनों ने एक दूसरे पर हत्या के आरोप लगाए हैं।
दरअसल रजनी और आकाश की मुलाकात 2 महीने पहले जिम में हुई थी। रजनी के पति शिवम कुमार ने बताया कि उनकी शादी को 6-7 साल हो चुके हैं। और वह अपनी पत्नी रश्मि उर्फ रजनी और अपने साले हिमांशु के साथ सेक्टर-31 के किराए के मकान में रहता है। रजनी मेकअप आर्टिस्ट है और पिछले दो महीनों से वह सेक्टर-31 के ही द्रोणाचार्य जिम में जा रही थी। शिवम के बयानों के अनुसार आकाश उसकी पत्नी को लगातार परेशान करता था जिसकी जानकारी रजनी ने उसे दी थी। जिसके बाद आकाश ने रजनी और उसके पति से माफी मांग ली थी। परंतु पिछले 10 दिनों से वह फिर से रजनी को परेशान करने लगा था। उसके बाद 11 जुलाई को उसकी पत्नी ने अपने भाई हिमांशु को कहा कि वह आकाश से बात करने जा रही है कि आखिरकार आकाश उसे क्यों परेशान कर रहा है। और शाम करीब 4:30 बजे उसकी पत्नी और युवक के बीपीटीपी पुल के पास आगरा नहर में कूद जाने की सूचना मिली। मौके पे पहुंचने पर शिवम को उसकी पत्नी की कार खड़ी मिली जिसके अंदर 2 मोबाइल फोन और एक खून से सना हुआ हथौड़ा पड़ा मिला।
दोनों पक्षों के आरोप:
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हत्या के आरोप लगाए हैं। शिवम के मुताबिक उसकी पत्नी को जान से मारने की कोशिश की गई और उसे हथौड़े से हमला करके नहर में फेंक दिया गया जिसके बाद वह खुद भी नहर में कूद गया। वहीं आकाश के जीजा का आरोप है कि आकाश ड्राइवर था और महिला ने ही आकाश को अपने पास मिलने बुलाया था और आकाश के चेहरे पर हथौड़े से हमला करके शव को नहर में फेंक दिया। साथ ही कहा की महिला अपनी कार से आकाश को उस जगह पर लेकर आई थी। उन्होंने कहा कि महिला, उसके पति और अन्य लोगों ने मिलकर आकाश की हत्या कर दी।

आगरा नहर के पास खड़ी मिली रजनी की कार
पुलिस जांच:
फिलहाल पुलिस अभी इस मामले की जांच में जुटी है। जांच अधिकारी दीपक ने कहा कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और बीपीटीपी थाने की पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
TEAM VOICE OF PANIPAT

