हरियाणा में 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए जरूरी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा में सीधे दाखिला लेने वाले या स्कूल बदलने वाले छात्रों के लिए नियम सख्त कर दिए हैं।
अब 10वीं-12वीं में दाखिले के लिए छात्रों सभी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। साथ ही दूसरे राज्यों से आए स्टूडेंट्स के लिए भी नियम तय किए गए है। इस संबंध में हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश भी दे दिए है।
दस्तावेज अपलोड करने की समय-सीमा
दाखिले की आखिरी तारीख के 1 महीने के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपलोड करने होंगे। यह प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू होगी।
10वीं कक्षा में दाखिले के लिए जरूरी कागजात
- 9वीं कक्षा का रिपोर्ट कार्ड।
- यदि 10वीं में फेल हुए हैं, तो उसकी मार्कशीट।
- स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र (SLC/TC) की सत्यापित कॉपी।
12वीं कक्षा में दाखिले के लिए जरूरी कागजात
- 10वीं कक्षा का सर्टिफिकेट।
- 11वीं कक्षा का रिपोर्ट कार्ड।
- यदि 12वीं में फेल हुए हैं, तो उसकी मार्कशीट।
- SLC/TC की सत्यापित कॉपी।
दूसरे राज्यों के छात्रों के लिए नियम
यदि विद्यार्थी किसी अन्य राज्य से आ रहा है, तो उसकी SLC/TC सक्षम अधिकारी (Competent Authority) द्वारा काउंटर-साइन (Counter-signed) होनी चाहिए।
माता-पिता का शपथ-पत्र
सभी मामलों में माता-पिता की ओर से नोटरी द्वारा सत्यापित (Notarized) एक हलफनामा/शपथ-पत्र भी अपलोड करना होगा। इसका सैंपल बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। विद्यार्थियों को ये सभी दस्तावेज एक माह में अपलोड करने होंगे।

