वॉयस ऑफ पानीपत (हिमांशी चावला) – कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ा बदलाव किया है। अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिवेशन और नया UAN जनरेट करने की सुविधा EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं होगी। इन दोनों सेवाओं को अब UMANG ऐप पर शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही, सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन भी अनिवार्य कर दिया गया है।EPFO के अनुसार, डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद ऑनलाइन सेवाओं को पहले से अधिक तेज और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। अब UAN एक्टिवेशन और उससे जुड़ी सभी प्रक्रियाएं UMANG ऐप के जरिए पूरी की जाएंगी।

अगर किसी सदस्य को यह जांचना है कि उसका UAN एक्टिव है या नहीं, तो उसे UMANG ऐप में ‘UAN Services Through Face Authorisation ‘ के तहत ‘UAN Allotment and Activation’ विकल्प पर जाना होगा। इसके बाद UAN, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर कंसेंट बॉक्स पर टिक करें और ‘Send OTP’ पर क्लिक करें। यदि UAN पहले से एक्टिव होगा, तो स्क्रीन पर ‘The UAN entered is already activated’ का संदेश दिखाई देगा।
इस बीच, वित्त मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF जमा राशि पर 8.25 प्रतिशत ब्याज को मंजूरी दे दी है। इससे करोड़ों खाताधारकों को पहले की तरह इसी दर से ब्याज मिलता रहेगा।EPFO के नियमों के अनुसार, सदस्य नौकरी के दौरान अपने EPF खाते से केवल 75 प्रतिशत तक राशि ही आंशिक रूप से निकाल सकते हैं। यानी खाते में कम से कम 25 प्रतिशत राशि बनी रहनी चाहिए। वहीं, पूरे फंड का सेटलमेंट केवल नौकरी छोड़ने या नियमों में तय अन्य परिस्थितियों में ही किया जाता है। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी सदस्य के EPF खाते में कर्मचारी और कंपनी के योगदान सहित कुल 2 लाख रुपये जमा हैं, तो वह अधिकतम 1.50 लाख रुपये ही आंशिक रूप से निकाल सकता है, जबकि 50 हजार रुपये खाते में बने रहेंगे।
TEAM VOICE OF PANIPAT

