रोहतक, 01 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल ने स्थानीय बस स्टैंड से धर्मशाला के लिए रोडवेज बस को हरी झंडी दिखाकर धर्मशाला के लिए रवाना किया। यह बस सेवा प्रतिदिन संचालित होगी तथा रोहतक बस अड्डे से दोपहर 12 बजे धर्मशाला के लिए रवाना होगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रोहतक से धर्मशाला जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। हरियाणा रोडवेज द्वारा रोहतक-धर्मशाला रूट पर रोजाना बस सेवा का संचालन किया जाएगा। यह बस रोहतक से दोपहर 12 बजे रवाना होकर विभिन्न धार्मिक एवं प्रमुख स्थानों पर रुकते हुए रात 12 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। बस की कुल यात्रा दूरी करीब 510 किलोमीटर होगी और एक तरफ का किराया 827 रुपये निर्धारित किया गया है।
सतबीर सिंह ने कहा कि इस बस सेवा का संचालन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। रोहतक से धर्मशाला जाने वाले यात्रियों को अब सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। बस अपने मार्ग में हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा मोहाली, आनंदपुर साहिब, ऊना, चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, कांगड़ा और धर्मशाला में निर्धारित ठहराव करेगी।
यह बस प्रतिदिन संचालित होगी। एक बस धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेगी तथा दूसरी बस निर्धारित समय के अनुसार रोहतक से रवाना होगी। इस प्रकार यात्रियों को नियमित रूप से दोनों दिशाओं में परिवहन सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि धर्मशाला तथा मार्ग में आने वाले अनेक स्थान महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल हैं, जहां रोहतक सहित प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। ऐसे में इस बस सेवा से श्रद्धालुओं एवं अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यह अंतर्राज्यीय रूट है और इसके लिए आवश्यक परमिट प्राप्त करने के बाद समय-सारणी को स्वीकृति दी गई है। इससे पहले यात्रियों का धर्मशाला जाने के लिए पहले दिल्ली जाना पड़ता था।
नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम :- मनीष कुमार ग्रोवर
हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास के साथ-साथ रोडवेज परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज की बस सेवाओं का विस्तार अन्य राज्यों के महत्वपूर्ण शहरों एवं धार्मिक स्थलों तक किया जा रहा है। इससे पहले हरियाणा रोडवेज की बसें शिमला और वैष्णो देवी जैसे प्रमुख स्थलों तक संचालित की गई हैं और अब धर्मशाला के लिए बस सेवा दोबारा शुरू की जा रही है। प्रदेश में स्थानीय स्तर पर भी नई एवं आधुनिक बस सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि भविष्य में प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी बसों को बढ़ावा देने की दिशा में भी सरकार प्रयासरत है। सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुविधाएं एवं रियायतें दी जा रही हैं।
हरियाणा सरकार का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है तथा इसी दिशा में रोडवेज की सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश नांदल, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, विकास बंसल सहित परिवहन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

