हरियाणा के सिरसा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मंगलवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पिता पर ही लगा है। आरोपी पिता ने युवक के घर पर आकर उसे 6 गोलियां मारी और फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार घटना कालांवाली क्षेत्र के खोखर गांव की है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय जसवंत सिंह के रूप में हुई है। जसवंत की 6 साल पहले जश्नप्रीत कौर से शादी हुई थी। उनका 5 साल का बेटा है। अभी जश्नप्रीत 8 महीने की गर्भवती है।
पिता और बेटे के बीच चल रहा था जमीन का विवाद
बताया जा रहा है कि जसवंत के पिता जलविंदर सिंह के पास 10 एकड़ जमीन है। जलविंदर इसमें से 3 एकड़ जमीन को बेचना चाहता थे, लेकिन उसका बेटा जसवंत इस फैसले के खिलाफ था। इसी वजह से बाप- बेटे के बीच विवाद चल रहा था और यही कारण था कि जलविंदर सिंह पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी के ससुराल में रह रहा था।
दामाद और 5-6 लोगों के साथ बेटे के घर आया आरोपी पिता
आरोप है कि आज मंगलवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी पिता अपने दामाद गुरजंट सिंह और 5-6 अन्य लोगों के साथ जसवंत के घर पहुंचा। सभी लोग तेजधार हथियारों के साथ आए थे। इस दौरान जलविंदर ने अपने बेटे जसवंत पर गोलियां चला दीं। मृतक की पत्नी जश्नप्रीत के मुताबिक, जसवंत के सिर, छाती और पेट में 6 गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई।
आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस
इस वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अब परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

