हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के लोगों को 14 साल बाद सब- डिपो की सौगात मिली है। रोडवेज विभाग की ओर से सब-डिपो के संचालन के लिए 50 बसें उपलब्ध कराई गई है जिनपर महेंद्रगढ़ सब- डिपो लिखा हुआ है। एक सप्ताह में 30 और बसें उपलब्ध करा दी जाएगी। इन बसों को पहले से निर्धारित रूटों पर संचालित किया जाएगा।
यात्रियों को मिलेगा फायदा महेंद्रगढ़ सब-डिपो से यात्रियों को अब लंबी दूरी की सीधी बस सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। ग्रामीण रूटों पर बस सेवा का विस्तार होने से शहरों तक कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा। देर रात सफर करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। वर्तमान में शाम होते ही महेंद्रगढ़ शहर से अन्य शहरों की कनेक्टिविटी पूरी तरह बंद हो जाती थी जिससे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। भर्ती प्रक्रिया हुई शुरू रोडवेज विभाग की ओर से महेंद्रगढ़ वर्कशॉप में 45 कर्मचारी नियुक्त किए जाने हैं। इनमें से 15 कर्मचारियों की नियुक्ति हो चुकी है जबकि अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
वहीं, इसके साथ ही महेंद्रगढ़ सब-डिपो में 66 चालक और 75 परिचालक नियुक्त किए जाएंगे। इनकी भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिले के लिए अच्छी खबर बस स्टैंड इंचार्ज हरिकेश ने बताया कि महेंद्रगढ़ सब-डिपो की शुरुआत हो गई है और अब इसके संचालन को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और डिमांड को देखते हुए विभिन्न रूटों पर बसें संचालित की जाएगी। इसके साथ ही लोगों को लंबी दूरी की सीधी बस सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

