हरियाणा में संचालित हो रही देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के विस्तार से जुड़ी एक नई अपडेट सामने आई है. वर्तमान में जींद से सोनीपत करीब 90 किलोमीटर लंबे रूट पर संचालित हो रही इस हाइड्रोजन ट्रेन के राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक विस्तार की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है.
वर्तमान में यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के 6 दिन जींद- सोनीपत रूट पर संचालित हो रही है. वहीं, शुक्रवार को इस ट्रेन का जींद से सब्जी मंडी होते हुए नई दिल्ली और फिर सोनीपत तक ट्रायल लिया जा रहा है.
इसलिए पड़ी विस्तार की जरूरत
इस ट्रायल के दौरान संचालन समय और अन्य व्यवस्थाओं का आंकलन किया जा रहा है जिसके बाद इस ट्रेन के दिल्ली तक संचालन होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. हालांकि, रेलवे की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
बताया जा रहा है कि जींद से दिल्ली के लिए जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा है जबकि सोनीपत रूट पर यात्रियों की संख्या उतनी नहीं है. ऐसे में यदि जींद से वाया सब्जी मंडी, नई दिल्ली होते हुए सोनीपत तक ट्रेन को संचालित किया जाएगा तो न केवल दिल्ली जाने वाले यात्रियों को फायदा पहुंचेगा बल्कि रेलवे की कमाई में भी बढ़ोतरी होगी.
जींद- सोनीपत रूट पर शेड्यूल
ट्रेन नंबर 74010, जींद- सोनीपत सुबह 07.40 बजे जींद से रवाना होकर 09.40 बजे सोनीपत स्टेशन पर पहुंचती है. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 74009, सोनीपत- जींद सुबह साढ़े 10 बजे सोनीपत से रवाना होकर दोपहर 1 बजे जींद पहुंचती है. जींद स्टेशन पर यात्रियों ने बताया कि यदि इस ट्रेन का दिल्ली तक विस्तार होता है तो न केवल दिल्ली के लिए अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी बल्कि रोजाना आवागमन करने वाले नौकरीपेशा लोगों और स्टूडेंट्स को भी तगड़ा फायदा पहुंचेगा.

