34.6 C
Panipat
September 1, 2026
Voice Of Panipat
Haryana

हरियाणा के झज्जर जिले की डीसी वर्षा खांगवाल ने रात्रि ठहराव कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिये ये निर्देश

हरियाणा के झज्जर जिले की डीसी वर्षा खांगवाल ने रात्रि ठहराव कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिये ये निर्देश

हरियाणा सरकार की सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बेरी खंड के गांव गांगटान स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीसी वर्षा खांगवाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और गांव के विकास से जुड़े सुझावों पर भी चर्चा की। सरपंच दलबीर सिंह ने डीसी वर्षा खांगवाल का स्वागत किया और गांव की प्रमुख मांगे रखी।

*रात्रि ठहराव प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद का माध्यम*

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि रात्रि ठहराव केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन को आमजन के बीच पहुंचाने और उनकी समस्याओं को नजदीक से समझने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर न जाना पड़े, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुने और उनका समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने ग्रामीणों से भी गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समाधान की प्रगति से संबंधित लोगों को भी अवगत करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

*ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्याएं और सुझाव*

रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान गांव गांगटान के ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं और सुझाव डीसी के समक्ष रखे। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

*सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ जागरूक किया*

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से सूचना स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और पात्रता संबंधी जानकारी दी गई। डीसी ने सभी स्टॉल का अवलोकन किया। साथ ही स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया गया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने हरियाणवी लोकगीतों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक किया तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

*नशे और साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक*

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की ओर से डीघल चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत करने तथा किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध तथा नशे के विरुद्ध जागरूक करें।

*रात्रि ठहराव में यह अधिकारी रहे मौजूद*

इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, सीटीएम ऋतु, एसीपी हितेश महाला, समाजसेवी बलवान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

Related posts

हरियाणा हाइवे 9 का टोल हुआ मंहगा, चार से पांच फीसदी टोल रेट में हुई बढ़ोत्तरी

Voice of Panipat

रेल मंडल ने बनाया 12 की बजाय 24 डिब्बों का प्लेटफार्म, रेलवे फिर भी नाराज, पढिए वजह.

Voice of Panipat

पूर्व MLA धर्मसिंह छौक्कर को Supreme Court ने दिया सरेंडर करने के निर्देश

Voice of Panipat

Leave a Comment