हरियाणा सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी-2022 के माध्यम से फरीदाबाद में एक ही भू-खंड पर आवासीय, वाणिज्यिक, सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक क्षेत्रों के सुनियोजित विकास की योजना तैयार की गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा फरीदाबाद में कुल 4,500 एकड़ भूमि को इस योजना के तहत प्रस्तावित किया गया है। योजना में इच्छुक भूमि मालिकों एवं भूमि एकत्रीकरणकर्ताओं को अपनी उपलब्ध भूमि योजना में शामिल करने के लिए आवेदन/प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। योजना के तहत आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रस्तावित भूमि का विवरण फरीदाबाद शहरी क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 96ए एवं 97ए (सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक), सेक्टर संख्या 94ए, 96, 99, 101, 102, 103, 140, 141 एवं 142 (आवासीय) तथा सेक्टर संख्या 100 (वाणिज्यिक) से संबंधित है। इसके साथ ही योजना में शामिल प्रस्तावित राजस्व ग्रामों में खेड़ी कलां, नंगली, ताजूपुर, कंकोला, गढ़ाखेड़ा, ताजूपुर से संबंधित क्षेत्र, शाहपुरा, सहूपुरा, सोतई, सुनपेड़, मल्हेरा, जाजरू, भसौला, फतेहपुर, भुआपुर, हंसपुर, जसाना, फतेहपुर, सदपुरा एवं तिगांव शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कुल 4,500.00 एकड़ भूमि का प्रस्तावित क्षेत्रफल निर्धारित किया गया है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने इच्छुक भूमि मालिकों एवं भूमि एकत्रीकरणकर्ताओं से अपील की है कि वे योजना में शामिल होने के लिए अपनी भूमि का विवरण उपलब्ध कराते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन/प्रस्ताव प्रस्तुत करें। इसके लिए संबंधित भूमि मालिक/भूमि एकत्रीकरणकर्ता लैंड पूलिंग पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं भूमि संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए आधिकारिक पोर्टल https://landpooling.hsvphry.org.in उपलब्ध है। पोर्टल पर भूमि का विवरण दर्ज करने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा प्रदान की गई है। योजना से संबंधित ई-विंडो 30 नवंबर 2026 तक खुली रहेगी, इसलिए इच्छुक आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया है।
हरियाणा सरकार द्वारा भूमि पूलिंग नीति का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि को सुनियोजित तरीके से विकसित करते हुए आवासीय, वाणिज्यिक तथा सार्वजनिक उपयोग की आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत ढांचे का विकास करना है। HSVP की ओर से भूमि मालिकों एवं संबंधित हितधारकों से अपील की गई है कि वे योजना का लाभ उठाते हुए निर्धारित अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए संपदा अधिकारी, HSVP, फरीदाबाद से 8800185620 तथा संपदा अधिकारी, HSVP, फरीदाबाद से 7982507579 पर संपर्क किया जा सकता है। योजना से संबंधित जानकारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की वेबसाइट hsvphry.org.in तथा आधिकारिक लैंड पूलिंग पोर्टल पर उपलब्ध है।

