कागजात मांगने पर शुरू हुई बहस
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम ट्रैफिक पुलिस स्टेडियम के बाहर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बुलेट पर सवार तीन युवकों को पुलिस ने रोककर दस्तावेज दिखाने को कहा। आरोप है कि युवकों ने कागजात दिखाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई।
बुलेट में लगा था पटाखे वाला साइलेंसर
ट्रैफिक थाना SHO सुरेंद्र सिंह के अनुसार, बाइक के मूल साइलेंसर को बदलकर ऐसा साइलेंसर लगाया गया था, जिससे पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती थी। पुलिस ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
SHO को दी 24 घंटे में देख लेने की बात
चेकिंग के दौरान एक युवक द्वारा SHO से कथित तौर पर “24 घंटे में पता चल जाएगा” कहने के बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, चालान की रसीद दिए जाने पर युवक ने चालान बुक पर हस्ताक्षर करने से भी इनकार कर दिया।
इस पर SHO ने कहा कि साइन करना है तो रसीद ले जाओ, नहीं तो साइन करना जरूरी नहीं है।
25 हजार का चालान, बुलेट जब्त
पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के आधार पर 25 हजार रुपये का चालान किया और बुलेट को जब्त कर लिया।
SHO सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस के साथ तीनों युवकों का व्यवहार ठीक नहीं था। उन्होंने बताया कि एसपी के सख्त निर्देश हैं कि किसी अधिकारी या रसूखदार की सिफारिश पर नियमों में ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नियम तोड़ने वाले अन्य वाहनों के 40 से 50 हजार रुपये तक के चालान भी किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

