वॉयस ऑफ पानीपत (तमन्ना गोयल)- हरिद्वार से गंगाजल लेकर घर लौट रहे एक परिवार के साथ मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। डाक कावड़ लेकर जा रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार मां और बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई।

गंगाजल लाते समय हादसा
पूरा मामला:-
जानकारी के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र के गांव रादेरी निवासी रोहित कुमार अपने परिवार के साथ शनिवार को दो बाइकों से हरिद्वार गंगाजल लेने गए थे। मंगलवार सुबह गंगाजल लेकर सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। रोहित एक बाइक पर अपने छोटे बेटे 14 वर्षीय चिराग के साथ थे। वहीं दूसरी बाइक बड़ा बेटा पीयूष चला रहा था और पीछे उसकी मां संजना(35) बैठी थीं।उत्तराखंड की सीमा पार कर जब परिवार सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में नगला अहीर गांव के पास पहुंचा तो डाक कावड़ियों को लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीयूष की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां-बेटा उछलकर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम:-
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।घायल मां-बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों के कई प्रयासों के बावजूद दोनों की हालत गंभीर बनी रही। और उपचार के दौरान संजना और पीयूष की मौत हो गई।पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम देहरादून में ही कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।सीओ सदर विकास प्रताप चौहान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और डाक कावड़ के ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
TEAM VOICE OF PANIPAT

