वॉयस ऑफ पानीपत ( हिमांशी चावला ) – पानीपत बिजली व्यवस्था को प्रभावित करने वाले रोटरी स्विच के गलत इस्तेमाल पर अब बिजली निगम सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। निगम ने ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान करने के लिए विशेष टीमें लगा दी हैं। जांच में रोटरी स्विच लगे मिलने पर संबंधित उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिजली निगम के अनुसार कई उपभोक्ता अपने घरों, दुकानों और औद्योगिक इकाइयों में रोटरी स्विच लगाकर अपनी मर्जी से एक फेस से दूसरे फेस पर बिजली का लोड बदल देते हैं। इससे किसी एक फेस पर अचानक ज्यादा भार आ जाता है, जबकि दूसरे फेस पर लोड कम हो जाता है। इसके कारण बिजली सप्लाई का संतुलन बिगड़ जाता है और केबल, ट्रांसफार्मर तथा अन्य उपकरणों में बार-बार खराबी आने लगती है।

गर्मी और बढ़ती बिजली की मांग के बीच इस तरह की गतिविधियां पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से बिजली नेटवर्क पर ज्यादा दबाव पड़ रहा है, जिसके कारण बार-बार फॉल्ट और बिजली कटौती की समस्या बढ़ रही है। जिलेभर में बिजली निगम के करीब 4.35 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें से 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन पर स्विच लगे होने की संभावना है। बिजली निगम की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सेक्टर 11-12, सेक्टर 13-17, सेक्टर-18, सेक्टर-25, अंसल सिटी, मॉडल टाउन और शहर के प्रमुख बाजारों में रोटरी स्विच के इस्तेमाल की शिकायतें सबसे ज्यादा सामने आई हैं। इसके अलावा कुछ औद्योगिक क्षेत्रों में भी ऐसे उपकरण लगाए जाने की जानकारी मिली है। निगम की टीम इन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर जांच करेगी और जरूरत पड़ने पर बिजली कनेक्शनों की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी, ताकि अवैध रूप से लगाए गए रोटरी स्विचों की पहचान की जा सके।
पानीपत सर्कल के सब अर्बन और अर्बन डिवीजन के एक्सियन आदित्य कुंडू ने अधिकारियों को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो मौके पर जाकर जांच करेगी। रोटरी स्विच का गलत इस्तेमाल बिजली वितरण व्यवस्था के लिए नुकसानदायक है और यह नियमों के खिलाफ भी है। जांच के दौरान ऐसे उपकरण पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में बिजली अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निगम ने उपभोक्ताओं से नियमों का पालन करने और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
TEAM VOICE OF PANIPAT

