वॉयस ऑफ पानीपत (हिमांशी चावला) – चंडीगढ़ की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब पूरी तरह डिजिटल होने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रही है। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) जल्द ही अपनी बसों में QR कोड के जरिए UPI भुगतान की सुविधा शुरू करने जा रही है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए खुले पैसे रखने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने मोबाइल फोन से QR कोड स्कैन कर सीधे UPI के माध्यम से टिकट का भुगतान कर सकेंगे। फिलहाल इस सुविधा का ट्रायल ट्राइसिटी के कुछ चुनिंदा रूटों पर किया जा रहा है। तकनीकी परीक्षण सफल होने और सभी खामियों को दूर करने के बाद इसे CTU की सभी 438 बसों में लागू किया जाएगा। यह सुविधा सामान्य डीजल बसों के साथ-साथ शहर में चल रही इलेक्ट्रिक बसों में भी उपलब्ध होगी।

टिकट खरिदने के लिए कैश या खुले पैसे की जरुरत नहीं होगी
CTU की बसें चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, पंचकूला और आसपास के कई क्षेत्रों तक संचालित होती हैं। सेक्टर-17 और सेक्टर-43 ISBT से चलने वाली बसों में भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा PGI, पंजाब यूनिवर्सिटी, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, मोहाली, खरड़, जीरकपुर, पंचकूला, मनसा देवी, चंडीमंदिर, मलोया, धनास, मनीमाजरा और कुराली जैसे प्रमुख रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को भी QR कोड के जरिए टिकट भुगतान की सुविधा मिलेगी। बसों में अक्सर 5, 10 या 15 रुपये के टिकट के लिए यात्रियों और कंडक्टरों को खुले पैसों की समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार छुट्टे पैसे उपलब्ध नहीं होने के कारण टिकट जारी करने में देरी होती है और बस स्टॉप पर बसों का ठहराव बढ़ जाता है। QR कोड के जरिए भुगतान शुरू होने के बाद यह परेशानी काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है। UPI आधारित टिकटिंग व्यवस्था से यात्रियों को टिकट खरीदने में आसानी होगी। वहीं, कंडक्टरों को नकद राशि संभालने और बाकी पैसे लौटाने में लगने वाला समय भी बचेगा।
इससे टिकट जारी करने की प्रक्रिया तेज होगी और बसों का संचालन पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो सकेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल भुगतान सुविधा शुरू होने के बाद भी कैश और स्मार्ट कार्ड से टिकट खरीदने का विकल्प बंद नहीं किया जाएगा। जो यात्री UPI का उपयोग नहीं करते, वे पहले की तरह नकद या स्मार्ट कार्ड के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल भुगतान से जोड़ना और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाना है। अधिकारियों के अनुसार, CTU बसों में QR कोड आधारित टिकट भुगतान प्रणाली चंडीगढ़ की परिवहन व्यवस्था को स्मार्ट, तेज और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। ट्रायल पूरा होने के बाद यह सुविधा CTU की सभी 438 बसों में लागू किए जाने की तैयारी है, जिससे प्रतिदिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
TEAM VOICE OF PANIPAT

