हरियाणा में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में एक बार फिर मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। जिस कारण कई जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग ने आज कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं अब कल के मौसम को लेकर भी ताजा अपडेट जारी कर दिया गया है।
18 जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार कल यानि 18 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को यमुनानगर में अनेक स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में भी बूंदाबांदी हो सकती है।
HU के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और उत्तर ओडिशा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
साथ ही, उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है, जिससे राज्य में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी और झमाझम बारिश हो सकती है।

