हरियाणा में एक बार फिर मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। जिस कारण इस पूरे हफ्ते बारिश की गतिविधियां कम देखने को मिल सकती है। ऐसे में उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाओं की रफ्तार कम होने से प्रदेश में ज्यादा बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है।
20 अगस्त से 23 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम ?
प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम कैसा रहेगा इसको लेकर पूर्वानुमान जारी कर दिया गया है। आज 20 अगस्त को मानसून की गतिविधियां कम देखने को मिलेंगी। इसलिए गुरुवार को कुछ ही स्थानों पर बारिश की संभावना है।
वहीं अगले तीन दिन दक्षिण और पूर्वी हरियाणा जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, करनाल, रोहतक के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं। हवा में नमी अधिक रहने के कारण उमस महसूस हो सकती है।
फिर बढ़ेगा तापमान
प्रदेश में कम बारिश होने के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 36°C से 38°C तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि एक हफ्ते बाद मानसून फिर एक्टिव होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने अगले हफ्ते फिर मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है। जिससे झमाझम बारिश होगी और मौसम सुहावना होने की उम्मीद है। वहीं इस साल अगस्त के महीने में अब तक कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेशभर में अगस्त महीने में अभी तक 257.9 MM बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 14% कम है। वहीं बीते 19 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.5 MM बारिश हुई है।

