हरियाणा के भिवानी से वाया दिल्ली और पलवल होकर सफर करने वाले रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि पलवल-मथुरा सेक्शन में मथुरा और भूतेश्वर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य शुरू हो रहा है। उपरोक्त कार्य के चलते इस रूट पर ट्रेन संचालन बुरी तरह से प्रभावित रहेगा।
उन्होंने बताया कि 4-11 अक्टूबर के बीच इस रूट पर चलने वाली कई ट्रेनें रद्द रहेगी जबकि कई ट्रेनों को री- शेड्यूल और रेगुलेट किया गया है। यदि आप भी इस समयावधि के दौरान इस रूट पर सफर करने की योजना बना रहे हैं तो रेलवे द्वारा दी गई इस जानकारी को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
रद्द ट्रेनों की सूची
ट्रेन नंबर 14725, भिवानी- मथुरा 9 और 10 अक्टूबर को पूरी तरह से रद्द रहेगी।
ट्रेन नंबर 14726, मथुरा- भिवानी 10 और 11 अक्टूबर को पूरी तरह से रद्द रहेगी।
देरी से होगा संचालन
4-7 अक्टूबर तक ट्रेन नंबर 14726, मथुरा- भिवानी अपने निर्धारित समय दोपहर 12.35 की बजाय 1 घंटा 55 मिनट की देरी यानी दोपहर 02.30 बजे मथुरा से रवाना होगी। 8 और 9 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय दोपहर 12.35 की बजाय 4 घंटे की देरी यानी शाम 04.35 बजे रवाना होगी।
ट्रेन नंबर 20490, मथुरा- बाड़मेर 8 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय दोपहर 03.45 की बजाय एक घंटे की देरी से मथुरा जंक्शन से संचालित होगी।
बीच रास्ते रोककर होगा संचालन
4-9 अक्टूबर तक ट्रेन नंबर 14725, भिवानी- मथुरा ट्रेन भिवानी से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी लेकिन उत्तर मध्य रेलवे (NCR) क्षेत्र में 1 घंटा 50 मिनट रोककर चलाई जाएगी।

