Panipat News: पानीपत शहर के बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल में पांच दिवसीय सीबीएसई ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप का बुधवार को चौथा दिन रहा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ गल्फ देशों (खाड़ी देशों) से आए लगभग 900 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कतर से 40 खिलाड़ी भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। कतर में भी करीब 18 सीबीएसई स्कूल हैं, जिनमें भारतीय बच्चे भी पढ़ते हैं। यहां भारतीय शिक्षक भी पढ़ाते हैं।
कतर के अलग-अलग स्कूल से आए हैं 40 बच्चे
कतर के अलग-अलग स्कूलों से 40 छात्रों का चयन हुआ, उसके बाद प्रत्येक स्कूल ने अपने खिलाड़ियों को कोच के साथ पानीपत भेजा। ये खिलाड़ी पहली बार हरियाणा आए हैं, इसलिए यहां की संस्कृति को भी समझ रहे हैं। दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों संग दोस्ती कर रहे हैं। हालांकि, अन्य खाड़ी देशों से भी टीमें आनी थी लेकिन वे नहीं आई। कोच के अनुसार पिछली बार भारत में हुई प्रतियोगिता में उन्हें बेहतर सुविधाएं नहीं मिली, इसलिए इन्हें यहां ठहरने के लिए जगह और भोजन भी दिया जा रहा है।

