IAS Anuj Malik SUCCESS STORY: संतकबीरनगर की नई डीएम अनुज मलिक इस नियुक्ति से पहले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा उनके पति गौरव सोगरवाल भी आईएएस अधिकारी हैं जो फिलहाल महराजगंज के जिलाधिकारी हैं।
यूपीएससी परीक्षा में पाई 16वीं रैंक
संतकबीरनगर की नई डीएम अनुज मलिक अपने यूपीएससी परिणाम के ही चर्चा में रही हैं। क्योंकि उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी में 16वीं रैंक हासिल की थी। अनुज मलिक मूल रूप से दिल्ली के लाजपत नगर निवासी हैं और उनकी स्कूली शिक्षा एयरफोर्स बाल भारती स्कूल से हुई है।
हालांकि इसके बाद उन्होंने दिल्ली के गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक किया। जब वे इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी, तभी उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा को क्रेक कर दिया।
2016 में पास की परीक्षा
अनुज मलिक ने यूपीएससी की परीक्षा वर्ष 2016 में अपने पहले ही प्रयास में क्रेक करते हुए ऑल इंडिया 16वीं रैंक हासिल की। अब उनका उत्तर प्रदेश प्रशासन में काफी लंबा अनुभव हो चुका है। क्योंकि आईएएस बनने के बाद शुरूआत में उनको वाराणसी में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में तैनाती मिली। फिर गोरखपुर मंडल में संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसडीएम के रूप में भी प्रशासन की कमान संभाली।
अनुज मलिक कुशीनगर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर भी रही हैं। यहां से उनको गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी गीडा में सीईओ की जिम्मेदारी मिली। गीडा में औद्योगिक विकास और निवेश के मामले में उनका कार्यकाल काफी अच्छा रहा। अनुज मलिक को अब प्रशासनिक तौर पर संतकबीरनगर की डीएम के रूप में जिम्मेदारी मिली है।
पूर्व अनुभव का मिलेगा लाभ
चूंकि अब अनुज मलिक को स्वतंत्र रूप से संतकबीरनगर जिला को संभालना है, ऐसे में उनको पुराने अनुभव का लाभ मिलेगा। जिस प्रकार उन्होंने पूर्व में अलग-अलग पदों पर रहते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई हैं, ऐसे में जिला प्रशासन को वे बेहतर और पारदर्शी तरीके से चला पाएंगी।

