25 C
Panipat
August 6, 2026
Voice Of Panipat
Latest News

FSSAI की बड़ी कार्रवाई: ओल्ड मोंक, एंटीक्विटी और रॉयल चैलेंज समेत कई शराब ब्रांड्स के वैरिएंट्स की बिक्री पर रोक

Liquor Banned: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कई लोकप्रिय शराब ब्रांड्स के कुछ वैरिएंट्स की बिक्री पर रोक लगा दी है। कार्रवाई के दायरे में ओल्ड मोंक, एंटीक्विटी ब्लू व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की जैसे चर्चित ब्रांड शामिल हैं।

FSSAI के अनुसार, जांच में पाया गया कि कुछ शराब उत्पादों में ऐसे आर्टिफिशियल या नेचर-आइडेंटिकल फ्लेवरिंग पदार्थों का इस्तेमाल किया गया, जो तय खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थे। रेगुलेटर का कहना है कि इन उत्पादों में स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए बाहरी फ्लेवर का उपयोग किया गया, जबकि निर्धारित मानकों के अनुसार प्राकृतिक सामग्री और उचित परिपक्वता प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।

किन राज्यों में हुई बिक्री पर रोक?

FSSAI की कार्रवाई के तहत अलग-अलग राज्यों में कुछ विशेष उत्पादों की बिक्री रोकी गई है। मध्य प्रदेश में यूनाइटेड स्पिरिट्स द्वारा निर्मित एंटीक्विटी ब्लू व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की, इनब्रू बेवरेजेज द्वारा निर्मित बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की, ओल्ड कास्क डीलक्स XXX रम और महाराष्ट्र में मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर द्वारा निर्मित ओल्ड मोंक के तीन वैरिएंट पर रोक लगी है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह प्रतिबंध केवल इन राज्यों में निर्मित बैचों पर लागू है या देश के अन्य हिस्सों में बने इन्हीं ब्रांड्स के उत्पाद भी इसके दायरे में आएंगे।

लैब जांच में सामने आई फ्लेवरिंग की बात

FSSAI की जांच में सामने आया कि कुछ कंपनियों के उत्पादों में शराब के स्वाद और सुगंध को बढ़ाने के लिए ऐसे फ्लेवर मिलाए गए, जो नियमों के अनुसार अनुमत नहीं हैं।

रेगुलेटर के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा नियम शराब वाले पेय पदार्थों में कुछ प्राकृतिक फ्लेवरिंग पदार्थों की अनुमति देते हैं, लेकिन व्हिस्की में व्हिस्की फ्लेवर या रम में रम फ्लेवर जैसे बाहरी फ्लेवर का इस्तेमाल भारतीय मानकों के तहत स्वीकार्य नहीं है।

बड़ी शराब कंपनियां कार्रवाई के दायरे में

FSSAI की कार्रवाई में शामिल उत्पाद देश में बनने वाले लोकप्रिय शराब ब्रांड हैं। इनमें डियाजियो इंडिया की यूनाइटेड स्पिरिट्स, इनब्रू बेवरेजेज और मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर जैसे निर्माता शामिल हैं।

भारत दुनिया के सबसे बड़े शराब बाजारों में से एक है। देश में शराब उद्योग का वार्षिक कारोबार करीब 40 अरब डॉलर तक होने का अनुमान लगाया जाता है। यूनाइटेड स्पिरिट्स (डियाजियो इंडिया) देश की सबसे बड़ी शराब कंपनियों में से एक है और इसका मुकाबला पेरनोड रिकार्ड जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से है।

Related posts

PANIPAT में रेप पीड़िता के परिवार को धमकी

Voice of Panipat

हरियाणा में अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में मिलेगा 10% आरक्षण

Voice of Panipat

हरियाणा में बदलेगा मौसम, हो सकती है तेज बरसात

Voice of Panipat

Leave a Comment