उत्तरप्रदेश के कानपुर से बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पति- पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद देवर ने अपने भाई की साली को गोली मार दी। भाभी ने भाई को थप्पड़ मारा तो देवर ने अपना आपा खो दिया और भाभी की बहन को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार ये मामला कानपुर में कैंट थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा का है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय चांदनी निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 5 बजे चांदनी की बहन सरोजनी निषाद के पति संतोष अपने काम से घर लौटे थे।
पत्नी ने पति को मारा थप्पड़
इसी दौरान किसी बात को लेकर पति- पत्नी में विवाद हो गया और सरोजनी ने संतोष को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद संतोष वहां से चला गया। इसके करीब 2 घंटे बाद संतोष का भाई विनोद अपने साथियों के साथ सरोजनी के घर पहुंच गया।
देवर ने छोटी बहन को मारी गोली
आरोप है कि विनोद ने घर में आके खूब हंगामा किया और संतोष को थप्पड़ मारने को लेकर उसका उसकी भाभी सरोजनी से झगड़ा हो गया। इसी दौरान घर में मौजूद सरोजनी की छोटी बहन चांदनी ने मामले को शांत कराने की कोशिश की।
लेकिन विनोद ने बंदूक निकालकर चांदनी को ही गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने का बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं गोली लगने से चांदनी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए केपीएम अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद बदले की कार्रवाई का एंगल सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने नामजद और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की पूरी वजह स्पष्ट होगी।

