Haryana News: लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कर्मचारियों और निजी प्रतिष्ठानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने गुरुवार और शुक्रवार दो दिनों तक कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है, ताकि सड़कों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके और लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।
गुरुग्राम में गुरुवार सुबह से अब तक करीब 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। जिला प्रशासन ने भी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने का अनुरोध किया है।
गुरुग्राम पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि भारी बारिश के चलते मुख्य मार्गों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
पुलिस के अनुसार, वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, यातायात दबाव को नियंत्रित करना और सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की सहायता करना है।
पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों से अपील की है कि वे कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दें। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और ट्रैफिक प्रबंधन टीमों को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी। साथ ही, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सकेगी।

