हरियाणा के हिसार की जल्द ही जम्मू व अहमदाबाद के लिए सीधी कनेक्टिविटी होने वाली है। हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अहमदाबाद व जम्मू के लिए सीधी फ्लाइट सुविधा की शुरुआत होने वाली है। हिसार प्रशासन की तरफ से दोनों फ्लाइट की शुरुआत के लिए तैयारियां शुरू कर दी है और 27 अक्टूबर से दोनों ही शहरों के लिए उड़ान सेवा को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल दोनों शहरों की फ्लाइट की तैयारी है, लेकिन अभी तक एयरलाइन की वेबसाइट पर इन उड़ानों के लिए स्लॉट बुकिंग को नहीं खोला है।
अधिकारियों के मुताबिक उड़ान स्कीम के तहत नई उड़ानें शुरू होने से हिसार की कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल एलायंस एयर के कई विमान ग्राउंडेड हैं। इन विमानों को डीजीसीए की मंजूरी मिलने के बाद दोबारा उड़ान भरने की अनुमति होगी। इसी वजह से उड़ानों का शेड्यूल अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। हिसार से फिलहाल, अयोध्या, दिल्ली, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा है।
मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर से हिसार में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
डीसी ने बताया कि हिसार में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। क्लस्टर के स्थापित होने के बाद जिले में उद्योगों के विस्तार के साथ कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे हिसार की औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी होने से सफर सुगम हो हो सकेगा।
दिल्ली होकर आएगी जाएगी फ्लाइट, हिसार फाइनल डेस्टिनेशन नहीं
डीसी महेंद्रपाल ने बताया कि अहमदाबाद और जम्मू के लिए फ्लाइट कभी भी शुरू हो सकती है। एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों के अनुसार हिसार इन उड़ानों का फाइनल डेस्टिनेशन नहीं होगा। जम्मू या अहमदाबाद से आने-जाने वाले विमान को दिल्ली या किसी अन्य एयरपोर्ट पर भी रुकना होगा, जहां उसका अंतिम गंतव्य निर्धारित होगा। जम्मू में पर्यटन और धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जाने वालों को फायदा होगा। अहमदाबाद से कनेक्टिविटी होने से इलाज और व्यापार को लेकर सुविधा होगी।

