Green Industrial Hub : हरियाणा में सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में अलग-अलग ग्रीन इंडस्ट्रियल हब बनाने की योजना है। जहां पर कई शहरों के आसपास के जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है और कई का प्लान बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में चरखी दादरी शहर के बीचों-बीच करीब तीन दशकों से खाली और अनुपयोगी पड़ी सीमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) की 200 एकड़ जमीन पर ग्रीन इंडस्ट्रियल हब बनाया जाएगा।
दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान के दूरगामी प्रस्ताव के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने इस जमीन पर केवल पॉल्यूशन-फ्री (प्रदूषण रहित) उद्योग ही स्थापित करने के प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगा दी है। चूंकि यह 200 एकड़ जमीन शहर के मध्य भाग में स्थित है, इसलिए यदि यहां पारंपरिक प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयां लगतीं, तो शहरवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर इसका गंभीर असर पड़ सकता था। विधायक सुनील सांगवान ने पर्यावरणीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र बनाते समय सुनिश्चित हो कि लोगों को स्वच्छ हवा और बेहतर वातावरण मिलता रहे।
50-50 प्रतिशत की भागीदोरी से होगा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करेंगी। यह इंडस्ट्रियल टाउनशिप केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) की 50-50 प्रतिशत की साझा हिस्सेदारी के साथ विकसित की जाएगी। एचएसआईआईडीसी इस पूरी 200 एकड़ जमीन पर आधुनिक सड़कों, बिजली, पानी, ड्रेनेज, और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं का निर्माण करेगा। अधिकारियों को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
वाणिज्य विभाग व उद्योग मंत्री जल्द करेंगे निरीक्षण
विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को जल्द सिरे चढ़ाने के लिए उन्होंने सरकार से डिमांड रखी है। इसी मांग पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग मंत्री राव नरबीर सिंह इसी माह सीसीआई की 200 एकड़ भूमि का निरीक्षण भी करेंगे और यहां विभाग से जुड़े अधिकारियों को भी बुलाया जाएगा।
जमीन पहले से ही इंडस्ट्रियल जोन में इसलिए तुरंत शुरू होगा काम
पहले इस जमीन का उपयोग रिहायशी कॉलोनी बनाने के लिए करने पर विचार किया जा रहा था। हालांकि, चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू) प्रक्रिया में कम से कम दो साल का समय लग सकता था। लेकिन दादरी के मास्टर प्लान में यह जमीन पहले से ही इंडस्ट्रियल जोन में दर्ज है। इस कारण विधायक सुनील सांगवान के प्रस्ताव पर सरकार ने बिना किसी देरी और कानूनी अड़चन के इसे सीधे इंडस्ट्रियल टाउनशिप के रूप में विकसित करने का फैसला किया है, जिससे समय की भारी बचत होगी।
152डी व रेल नेटवर्क से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी
इस औद्योगिक क्षेत्र की खासियत यह है कि यह रेलवे स्टेशन और 152डी नेशनल एक्सप्रेस-वे के करीब है। प्रदूषण रहित उद्योगों जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबलिंग, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, गारमेंट पैकेजिंग और आईटी/सॉफ्टवेयर के स्थापित होने से माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स में सुविधा मिलेगी।
शहरवासियों को रोजगार व स्वच्छ वातावरण का दोहरा फायदा
विधायक सुनील सांगवान ने कहा सीमेंट फैक्टरी बंद होने के बाद बीते 30 वर्षों से यह जमीन वीरान पड़ी थी। अब प्रदूषण रहित उद्योगों के आने से जिले के हजारों स्थानीय युवाओं के लिए सीधे और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही, ग्रीन इंडस्ट्रीज के कारण शहर के पर्यावरण पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ेगा, जिससे दादरी के लोगों को रोजगार और स्वच्छ वातावरण का दोहरा लाभ मिलेगा।

