29 C
Panipat
September 21, 2026
Voice Of Panipat
Big Breaking NewsPanipat Crime

Crime- नशा तस्करी पर पानीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नेपाली नागरिक समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

वॉयस ऑफ पानीपत (कुलवन्त सिंह)- पानीपत पुलिस ने नशा तस्करी पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नेपाली नागरिक समेत दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 136 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपी समालखा बस अड्डे के बाहर सड़क किनारे चरस लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि शनिवार देर शाम एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम में तैनात एएआई संदीप, एचसी अशोक, सिपाही हन्नी व चालक ईएचसी सत्यवान सरकारी गाड़ी में गश्त के दौरान समालखा में फ्लाईओवर पुल के नीचे मौजूद थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि समालखा बस अड्डे के बाहर सड़क किनारे दो युवक मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। बस अड्डे के बाहर खड़े दोनों युवकों ने पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान दीपक बहादुर पुत्र मन बहादुर निवासी कसोल मणिकरण कुल्लू हिमाचल प्रदेश तथा रामकुमार घर्ती पुत्र ओम बहादुर निवासी निसी वागलूड नेपाल के रूप में हुई। पुलिस टीम ने नियमानुसार दोनों आरोपियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रामकुमार घर्ती के लोअर की जेब से तथा दीपक बहादुर की जींस की जेब से पॉलीथिन में पेक चरस बरामद हुई। वजन करने पर आरोपी रामकुमार घर्ती से बरामद चरस का वजन 571 ग्राम व आरोपी दीपक बहादुर से बरामद चरस का वजन 565 ग्राम पाया गया।

आरोपियों ने दिल्ली से खरीदी थी 2 किलो चरस

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे शनिवार को दिल्ली से समालखा व आसपास के क्षेत्र में चरस बेचने के लिए आए थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रामकुमार घर्ती करीब एक साल से दिल्ली में रह रहा था, जबकि दीपक बहादुर करीब पांच महीने से दिल्ली में रह रहा था। दोनों की करीब चार महीने पहले एक-दूसरे से जान-पहचान हुई थी।

दोस्ती होनें पर दोनों ने शॉर्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए नशा तस्करी की साजिश रची। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि तीन चार दिन पहले उन्होंने दिल्ली निवासी एक युवक से 2 किलो चरस सस्ते दाम पर खरीदी थी। इसमें से कुछ चरस उन्होंने दिल्ली में राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी। बची हुई चरस को लेकर वे शनिवार को दिल्ली से समालखा व आसपास के क्षेत्र में बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में आए थे।

रिमांड के दौरान होगी गहन पूछताछ, सप्लायर की धरपकड़ के प्रयास तेज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर रविवार को उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से नशे की खेप के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी चरस की खेप दिल्ली में किस व्यक्ति से लेकर आए थे। साथ ही, नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर उन्हें काबू करने के प्रयास किए जाएंगे।

सप्लायर से लेकर पूरे नेटवर्क तक होगी सख्त कार्रवाई

जिला पानीपत में नशा तस्करी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पानीपत पुलिस का फोकस केवल नशे की खेप के साथ आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और नशे के कारोबार की पूरी कड़ी तक पहुंचकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने पर है। नशे का अवैध कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आमजन से अपील

पानीपत पुलिस की आमजन से भी अपील है कि नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नशे की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके…

Team Voice of Panipat

Related posts

PANIPAT मे ट्रक ने इको वाहन को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगो की गई जा*न

Voice of Panipat

सांसद का पहला प्रयास चढ़ा सिरे, PANIPAT के इस जगह पर 72 घंटे मे खोले जाएंगे दोनो तरफ यूटर्न

Voice of Panipat

पड़ोसियों से झगड़े के बाद BJP नेता ने की हवाई फा#यरिंग

Voice of Panipat

Leave a Comment