LPG Cylinder New Rules: केंद्र सरकार ने देश भर के घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए एक बड़ा फैसला किया है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में गैस सिलेंडर रीफिल की बुकिंग के बीच 25 दिनों का समान समय तय कर दिया गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सरकार के इस फैसले के तहत अब सभी घरेलू एलपीजी ग्राहकों को एक सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। पहले यह नियम केवल शहरी इलाकों में लागू था, जबकि ग्रामीण इलाकों में दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 45 दिनों का अंतर तय किया गया था।
अब ग्रामीण और शहरी इलाकों का यह अंतर पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने 7 सितंबर को तीनों प्रमुख तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs), आईओसीएल (IOCL), बीपीसीएल (BPCL) और एचपीसीएल (HPCL) के प्रमुखों को पत्र जारी कर इस फैसले को तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय के अनुसार, पहले मिडल ईस्ट में उपजे तनाव और संघर्ष के कारण एलपीजी की सप्लाई पर असर पड़ा था।

