राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हरियाणा के रेवाड़ी के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि दिल्ली की बीजेपी सरकार ने धौला कुआं से रेवाड़ी के बीच DTC की 15 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है। इन बसों के संचालन से रोजाना काम के लिए आवागमन करने वाले लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी।
यह रहेगा रूट
DTC की ओर से 7 बसें सुबह और 8 बसें शाम को संचालित की जाएगी। यह बसें धौला कुआं से चलकर रजोकरी बॉर्डर, गुरुग्राम राजीव चौक, खेड़की दौला, रामपुरा चौक, IMT मानेसर, पंचगांव, बिलासपुर, सिधरावली और धारूहेड़ा होते हुए रेवाड़ी का सफर तय करेगी।
DTC के एक अधिकारी ने बताया कि इन बसों में धौला कुआं से रेवाड़ी तक प्रति व्यक्ति यात्री किराया 153 रुपए निर्धारित किया गया है। पूरी तरह से वातानुकूलित इन एसी बसों के संचालन से यात्रियों के लिए लंबी दूरी का सफर बेहद आरामदायक हो जाएगा। उन्हें भीड़-भाड़ और उमस भरी गर्मी से दूर अच्छे सफर की सुविधा मिलेगी।
बस बदलने का मिटेगा झंझट
बता दें कि IMT मानेसर और बिलासपुर में बड़ी संख्या में औद्योगिक कंपनियां हैं और यहां काम करने के लिए दिल्ली सहित आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। पहले DTC की बसें सिर्फ धारूहेड़ा तक आती थी लेकिन मानेसर और आगे के इलाकों के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को कई वाहन बदलने पड़ते थे। इसमें लोगों का समय और पैसा दोनों ही ज्यादा खर्च होते थे। ऐसे ही अब दिल्ली से धारूहेड़ा के बीच सीधी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत पहुंचेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि कम किराए में एसी सफर का मजा भी उठा सकेंगे।

