हरियाणा के फरीदाबाद में शादी से करीब दो महीने पहले एक युवक की मौत हो गई। युवक बीते शनिवार की दोपहर को घर से स्कूटी पर निकला था। जिसके बाद उसका शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला ?
मृतक युवक की पहचान सूर्या विहार फेज-3 निवासी 30 वर्षीय रवि शर्मा के रूप में हुई। रवि म्यूजिशियन था और कई कार्यक्रमों में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता था। दो महीने बाद रवि की शादी होनी थी। घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी। लेकिन रवि की मौत से परिवार सदमे में है।
सिरदर्द की दवाई लेने गया था मृतक
बताया जा रहा है कि रवि शनिवार दोपहर को घर से सिरदर्द की दवाई लेने के लिए निकला था। वह स्कूटी लेकर गया था। लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। रवि से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन रवि का कहीं कुछ पता नहीं लगा।
पेड़ पर लटका मिला शव
आज रविवार को पुलिस को बाईपास रोड स्थित एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। जिसके बाद सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी।
एसीपी सराय संदीप मोर ने बताया कि रवि का शव पेड़ से लटका हुआ मिला और उसके हाथ की नस भी कटी थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पता लग पाएगी।

