हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ते ही गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश न होने की वजह से राज्य के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है।
आज सिर्फ 3 जिलों में बारिश के आसार
मानसून हवाओं के कमजोर पड़ने से हरियाणा में अगले कुछ दिन कम बारिश होने की संभावना है। आज भी प्रदेश के तीन जिले पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में ही हल्की बारिश हो सकती है। जबकि अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक मानसूनी गतिविधियां धीमी रहने की संभावना है। इसके चलते बारिश में कमी रहेगी और उमस बढ़ सकती है।
कब होगी बारिश ?
मौसम विभाग की मानें तो हरियाणा में इस महीने के अंत तक मानसून सक्रिय होने का अनुमान है। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच फिर से सक्रिय हो सकती है।
जिसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और कई जिलों में झमाझम बारिश होगी। बारिश से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है और मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।

