हरियाणा के रोहतक में एक विवाहिता का शव घर की छत पर रखी टंकी से बरामद हुआ। यहां नेहरू कॉलोनी में शादी के 8 महीने बाद ही विवाहिता की मौत से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टंकी से बाहर निकाला। पुलिस ने मामले में मृतका के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
8 महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार रोहतक के नेहरू कॉलोनी का है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय चेतना के रूप में हुई है। झज्जर के गांव माछरौली की रहने वाली चेतना की शादी 8 महीने पहले ही हुई थी।
बताया जा रहा है कि चेतना की शादी दिसंबर 2025 में नेहरु कॉलोनी के रहने वाले मनीष के साथ हुई थी। मृतका के पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि चेतना के साथ उसके ससुराल वाले मारपीट करते थे और शादी के बाद से ही दहेज के लिए भी परेशान कर रहे थे। दामाद मनीष गाड़ी की मांग कर रहा था।
16 अगस्त को ससुराल वालों ने किया फोन
उन्होनें बताया कि बीते 15 अगस्त को वह बेटी चेतना के ससुराल गए थे। वह चेतना को अपने घर लाना चाहते थे लेकिन ससुराल वालों ने उसे नहीं भेजा।
इसके बाद 16 अगस्त को रात 10 बजे चेतना के ससुराल वालों का उन्हें फोन आया। कॉल पर उन्होनें कहा कि चेतना कहीं चली गई है। जिसके बाद वीरेंद्र ने तुरंत पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी और अपनी बेटी की तलाश शुरू कर दी। लेकिन रात के करीब 12 बजे फिर से ससुराल वालों का फोन आया। उन्होनें बताया कि चेतना का शव पानी की टंकी में पड़ा हुआ है।
पानी की टंकी में मिला शव
जिसके बाद वह तुरंत नेहरू कॉलोनी बेटी के ससुराल पहुंचे। यहां छत पर रखी प्लास्टिक की पानी की टंकी में सिर्फ 2.4 फुट पानी के अंदर चेतना का शव पड़ा था।
ससुराल पक्ष पर लगे आरोप
वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए है। मृतका के पिता ने कहा कि बेटी के पति मनीष, ससुर राजेंद्र, सास शीला देवी ने हत्या करके शव को पानी की टंकी के अंदर डाला है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच – पड़ताल कर रही है।

