वॉयस ऑफ पानीपत (आयुषी त्यागी) – अपने फोन का बैकअप गूगल अकाउंट पर रखने वाले एंड्रॉयड यूजर्स के लिए गूगल कंपनी बड़ा बदलाव लेकर आ रही है। अब गूगल अकाउंट में फोटो–वीडियो के साथ–साथ मैसेज, कॉल हिस्ट्री और गूगल से लॉगइन की गई दूसरी ऐप्स का बैकअप डेटा भी स्टोर किया जाएगा। इससे गूगल का 15GB फ्री स्टोरेज जल्द भर सकता है, यानी अब आपके गूगल अकाउंट की ज्यादा स्टोरेज खर्च होगी।
आपको बता दें कि गूगल अपनी स्टोरेज पॉलिसी में बदलाव कर रहा है, जिसकी शुरुआत एंड्रॉयड फोन से की जाएगी। इसके चलते अगर किसी की गूगल स्टोरेज भर जाती है, तो यूजर –
- 59 रुपये के रिचार्ज प्लान से 30GB अतिरिक्त गूगल स्टोरेज खरीद सकते हैं।
- गूगल AI के फ्री स्टोरेज प्लान का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

गूगल स्टोरेज में बड़े बदलाव
हालांकि, इस बदलाव से यूजर्स की फ्री स्टोरेज लिमिट जल्दी खत्म होने की आशंका है, लेकिन कंपनी का कहना है कि इसका असर बेहद मामूली होगा। एक गूगल प्रवक्ता ने कहा, “हमने अपनी पॉलिसी को अपडेट किया है, ताकि अब सभी एंड्रॉयड बैकअप डेटा गूगल अकाउंट स्टोरेज में काउंट होगा। हमें उम्मीद है कि इससे औसतन केवल 40MB डेटा ही बढ़ेगा। हम यूजर्स को ज्यादा पारदर्शिता और नए कंट्रोल्स भी दे रहे हैं, जिससे वे खुद चुन सकें कि किस डेटा और ऐप का बैकअप लेना है।” इस नए फीचर के साथ गूगल ने अपने यूजर्स को ऑन–ऑफ टॉगल भी दिए हैं, जिससे यूजर खुद तय कर सकेंगे कि किस डेटा का बैकअप लेना है और किसका नहीं। इससे वे अनचाहे ऐप्स का डेटा बैकअप होने और स्टोरेज भरने से रोक सकेंगे।
फिलहाल गूगल इस फीचर का अपडेट जारी कर रहा है और जल्द ही ये सभी बदलाव आईफोन में भी शुरू हो सकते हैं।
TEAM VOICE OF PANIPAT

