हरियाणा में इन दिनों मानसून की सक्रियता कम होने से मौसम पूरी तरह बदल गया है। कई जिलों में बारिश न होने के कारण उमस बढ़ने लगी है। इसी बीच किसानों की फसलों पर भी इस मौसम का असर देखने को मिल रहा है।
राज्य के कई जिलों में मौसम शुष्क है तो कुछ स्थानों पर रूक -रूककर हल्की बारिश हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने किसानों को जरूरी सलाह देते हुए एडवाइजरी जारी की है।
फसलों पर सिंचाई और छिड़काव रोकें
राज्य में अगले 2 से 3 दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को फसलों में सिंचाई और कृषि रसायनों (पेस्टिसाइड्स) का छिड़काव न करने की सलाह दी है।
कीट-रोग की निगरानी
वातावरण में उच्च आर्द्रता के कारण फसलों में रस चूसक कीटों (सफेद मक्खी, जेसिड और गुलाबी सुंडी) तथा धान में जड़ सूंडी का प्रकोप बढ़ सकता है। ऐसे में किसान किसान नियमित रूप से फसलों की निगरानी करें।
इसके साथ ही बारिश न होने के कारण लगातार तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे मौसम में पशुओं की देखभाल करना बेहद जरूरी है। इसलिए किसान पशुओं को साफ पानी और हरा चारा दें तथा थोड़ा आयोडीन युक्त नमक खुराक में मिलाएं और पोल्ट्री फार्म में वेंटिलेशन (पंखे/एग्जॉस्ट) की उचित व्यवस्था रखें ताकि पशुओं को सफोकेशन (घुटन) न हो।

