Haryana Heavy rain warning : बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान का असर हरियाणा के मौसम में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग चंडीगढ़ की तरफ से हरियाणा के दस जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें आने वाले कुछ घंटों में चार जिलों में रेड अलर्ट यारी अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
जबकि दो जिलों में तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसी तरह चार जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और इनमें तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग चंडीगढ़ की तरफ से रविवार दोपहर बाद जारी किए गए अलर्ट के अनुसार हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल में रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में अगले कुछ घंटे में अति भारी बारिश हो सकती है। इसी तरह पंचकूला व यमुनानगर में आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में तेज बारिश के साथ तूफानी हवा चलने की चेतावनी दी गई है। जबकि फतेहाबाद, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक में येलो अलर्ट जारी किया है।
यहां पर अगले कुछ घंटे यानी रात के समय तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सभी दस जिलों में बारिश के साथ तूफानी बारिश की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान के चलते मैदानी क्षेत्र में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में रविवार के साथ सोमवार को भी बारिश की चेतावनी दी गई है। अगर इस समय बारिश होती है तो फसलों को सीधा नुक्सान होने वाला है, क्योंकि अधिकतर क्षेत्र में धान की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। जबकि प्रदेश के 11 जिलों में फिलहाल मौसम विभाग की तरफ से बारिश व तूफान का कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया है।

