HARYANA RAILWAY STAION WORK : आमतौर पर जब भी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचती है तो यात्रियों को अपने कोच को लेकर बड़ा असमंजस रहता है। इसके लिए बार-बार पूछना पड़ता है कि कौनसा कोच कहां आएगा।
विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के साथ आने वाले लोगों को इसके लिए काफी भागमभाग करनी पड़ती है। अब महेंद्रगढ़ स्टेशन पर यह परेशानी नहीं रहेगी।
क्योंकि महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर आधुनिक और डिजिटल कोच गाइडेंस और ट्रेन स्टेटस डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
इसका 90 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। ऐसे में स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को गाड़ी आने से पहले ही यह सूचना मिल जाएगी कि उनका कोच कहां आने वाला है। यह सुविधा आरामदायक सफर के लिए महत्वपूर्ण रहेगी।
दरअसल जब भी लोग आरक्षित श्रेणी में यात्रा करते हैं तो टिकट पर कोच और बर्थ नंबर तो मिल जाता है, लेकिन यह कोच कहां आकर ठहरेगा, इसकी जानकारी नहीं मिल पाती।
अब महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन स्टेशन पर यह सुविधा मिलने जा रही है। इससे प्लेटफार्म पर ट्रेन नंबर से लेकर उसमें लगे कोचों की स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी।
इसके लिए प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए 23-23 कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगाने की प्रक्रिया की जा रही है।
इतना ही नहीं रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार और प्लेटफॉर्म पर आने वाली ट्रेन का नंबर भी दिखाया जाएगा।
सबसे बड़ी सुविधा यह है कि महेंद्र रेलवे स्टेशन के यह डिजिटल बोर्ड्स नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम के साथ -साथ रेलवे नियंत्रण कक्ष से भी जुड़ेंगे। इससे यात्रियों को ट्रेन से संबंधित जानकारी वास्तविक समय के अनुसार मिल सकेगी।

