Haryana News : हरियाणा में लिंक मार्गों की तस्वीर बदलने वाली है। जहां पर लिंक मार्गों का विशेष मरम्मत, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसका जिम्मा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड को दिया गया है। इसी कड़ी में बादली विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री की ओर से 17 जून 2026 को की गई घोषणाओं के तहत 25 लिंक सड़कों की विशेष मरम्मत, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन सड़क कार्यों के लिए अब तक करीब 19 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है।
कई सड़कों के डिटेल एस्टीमेट और डीएनआईटी को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर भी आमंत्रित किए जा चुके हैं, जबकि अन्य सड़कों की प्रक्रिया मुख्यालय स्तर पर चल रही है। ऐसे में आने वाले समय में बादली क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर और मजबूत संपर्क मार्ग मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत लोहट से ढासा बॉर्डर, देवरखाना से इस्माइलपुर, मुंडाखेड़ा से देवरखाना और कासनी से फतेहपुरी लिंक रोड की विशेष मरम्मत के कार्य टेंडर प्रक्रिया तक पहुंच चुके हैं। लोहट-ढासा बॉर्डर सड़क के लिए 54.68 लाख, देवरखाना-इस्माइलपुर के लिए 1.27 करोड़, मुंडाखेड़ा-देवरखाना के लिए 45.41 लाख तथा कासनी-फतेहपुरी सड़क के लिए 87.58 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है।
इसके अलावा सुबाना से जैतपुर होते हुए बाबेपुर छप्पार रोड, ढाकला से सुबाना-बिठला, माजरी से बुपनिया, गुरुग्राम-झज्जर रोड स्थित मेहंदवाड़ी पुल से सुहरा तथा नंगला से औरंगपुर लिंक रोड के कार्यों के लिए भी टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं।
कई गांवों की सड़कों की प्रक्रिया मुख्यालय में
जहांगीरपुर से बोडिया बस स्टैंड, रायपुर से गिजाडोध, दादरी तोए से ढाणी सानियां, अहरी से अमादलपुर होते हुए झज्जर-रेवाड़ी रोड, न्यौला से मुबारिकपुर, दादनपुर से पटासनी और खुद्दन मोड़ से अमादलपुर सहित कई अन्य सड़कों के डिटेल एस्टीमेट स्वीकृत होकर डीएनआईटी मुख्यालय पंचकूला भेजे जा चुके हैं। इन सड़कों के टेंडर की अगली प्रक्रिया मुख्यालय स्तर से पूरी की जानी है।
वहीं सुबाना से बिठला और सरोला से खुद्दन मार्ग के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है। इन दोनों कार्यों के टेंडर जल्द आमंत्रित किए जाने हैं। आंकड़ों के अनुसार सभी 25 सड़क कायों की घोषणा तिथि 17 जून 2026 है। इनका उद्देश्य बादली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण संपर्क मागों की विशेष मरम्मत के साथ जरूरत के अनुसार चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण करना है। अब विभिन्न स्तरों पर प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृतियों के बाद कई कार्य टेंडर चरण में पहुंच चुके हैं, जिससे सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द धरातल पर उतरने की संभावना है।
अहरी-खुद्दन मार्ग की स्वीकृति, पत्र का इंतजार
अहरी से खुद्दन लिंक रोड की विशेष मरम्मत के लिए 75.76 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, हालांकि इसकी स्वीकृति का पत्र अभी प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं जहांगीरपुर गांव की फिरनी की विशेष मरम्मत का कार्य भी मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल है। इस सड़क का टेंडर पीआर विभाग की ओर से एनओसी के बिना फ्लोट किया गया था। 10 सितंबर को उपायुक्त के साथ हुई चर्चा के बाद यह घोषणा पीआर विभाग को स्थानांतरित की जानी है, जिसके बाद एनओसी उपलब्ध कराई जाएगी।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड कार्यकारी अभियंता यदवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी 25 सड़कों के निर्माण कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर भी लगाए जा चुके है। कुछ के टेंडर रहते है, जिनमें प्रक्रिया जारी है। जल्द ही टेंडर अलॉट होने के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

