हरियाणा में कल 3 सितंबर से मानसूनी की गतिविधियां बढ़ने वाली है और मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 3 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
पंचकूला, अंबाला समेत इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार कल पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद में मध्य से भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं हिसार, रोहतक, जींद, भिवानी में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के ऊपर एक मजबूत चक्रवातीय सर्कुलेशन बन रहा है और मानसूनी ट्रफ रेखा हिमालय से मैदानी इलाकों की ओर खिसकने लगी है, इस वजह से हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी और अगले कुछ दिन राज्य में बारिश के आसार बन रहे हैं।
तापमान में आई गिरावट
हरियाणा में मानसून एक बार फिर एक्टिव होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बीते मंगलवार को भी राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हुआ और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो इस दौरान प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में -0.5°C की हल्की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य से लगभग 1.6°C अधिक बना हुआ है।

