हरियाणा के विभिन्न शहरों में विकसित हो रही अवैध कालोनियों के खिलाफ नगर योजनाकार विभाग ने एक्शन शुरू कर दिया है। अब इन कालोनियों में प्लाट लेकर मकान बनाने वाले लोगों के लिए मुसीबत खड़ी हो रही है, क्योंकि अब इन अवैध कालोनी में रहने वाले लोगों को बिजली विभाग द्वारा बिजली का कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।
इसके लिए हरियाणा के प्रत्येक शहर के हिसाब से ऐसी कालोनियों का चिन्हित करके इनकी लिस्ट बिजली निगम को भेजी जा रही है, ताकि वहां से अगर कोई बिजली कनेक्शन का आवेदन आता है तो उसको तुरंत ही रद कर दिया जाए और उनको कनेक्शन नहीं दिया जा सके। नगर योजनाकार विभाग हिसार की तरफ से हिसार शहर के आसपास विकसित हो रही 20 कालोनियों की सूची तैयार की है।
इस सूची को बिजली निगम को भेजा गया है और निर्देश दिए गए है कि इन कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन नहीं दिए जाएंगे। इनमें ज्यादातर कॉलोनियां शहर के राजगढ़ रोड, कैमरी रोड, कैमरी से तोशाम रोड, रायपुर रोड और मिर्जापुर रोड पर स्थित हैं। इन कॉलोनियों में बगैर डीटीपी की एनओसी के बिजली निगम कनेक्शन नहीं देगा।
डीटीपी ने जिन कॉलोनियों की सूची बिजली निगम को भेजी है, इनमें से कई कॉलोनियों में तीन से पांच बार तक डीटीपी विभाग द्वारा रोड स्ट्रक्चर उखाड़ने और बनाए गए पक्के निर्माण ढहाने की कार्रवाई की जा चुकी है। बावजूद इसके बार-बार कॉलोनियों में कच्चे-पक्के रास्ते बनने से अब डीटीपी विभाग ने बिजली निगम को लिखा है।
तमाम तामझाम करके बेची जा रही कालोनी
अवैध कालोनी काटने वाले लोगों को प्लाट लेने के लिए लुभाने के लिए अलग-अलग तरीका अपना रहे है। शहर में कई इलाकों में कॉलोनाइजर बिजली पोल, सीवरेज लाइनें डालकर भी प्लॉट बेच रहे हैं। इन कॉलोनियों में बिजली, पानी व सीवरेज
व्यवस्था के भी दावे किए जाते हैं। इस तरह की कॉलोनियां नगर निगम लिमिट के बाहर ज्यादा पनप रही हैं। खरीदार को लुभाने के लिए इन कॉलोनियों में बिजली, पानी और सीवरेज जैसी तमाम बुनियादी व्यवस्थाएं मिलने के दावे किए जाते हैं।
हिसार में बिजली निगम को भेजी गई कालोनियों की सूची, जिसमें अब बिजली कनेक्शन नहीं होगा
- राधिका धाम, कैमरी रोड
- मिलन मार्केट, कैमरी रोड
- श्री लक्ष्मी नगर, कैमरी रोड
- भासी कॉम्प्लेक्स, कैमरी रोड
- श्री श्याम मार्केट, कैमरी रोड
- एचबी मार्केट, कैमरी रोड
- जय श्री कृष्णा कॉलोनी एक्सटेंशन, कैमरी रोड, हिसार
- साकेत कॉलोनी एक्सटेंशन, राजगढ़ रोड, हिसार
- श्री श्याम विहार एक्सटेंशन, रायपुर रोड
- कृष्णा ज्योति कॉलोनी, मिर्जापुर रोड
- रामजीलाल कॉलोनी, बालसमंद रोड
- दीप्ती एन्क्लेव, कैमरी से तोशाम रोड
- मास्टर कॉलोनी, कैमरी से तोशाम रोड
- प्रशांत विहार कॉलोनी, कैमरी से तोशाम रोड
- लक्ष्मी एन्कलेव, फेज टू, कैमरी से तोशाम रोड
- अमन विहार, कैमरी से तोशाम रोड
- विजय विहार, कैमरी से तोशाम रोड
- राम विहार, कैमरी से तोशाम रोड
- किसान कॉलोनी एक्सटेंशन, राजगढ़ रोड, हिसार
- श्री श्याम वाटिका, रायपुर रोड।
बिजली निगम को भेजी सूची में ये नाम हैं।
बिजली कनेक्शन नहीं देने के लिए लिखा
हिसार डीटीपी दिनेश सिंह ने बताया कि हिसार शहर व आसपास काटी गई करीब 20 अवैध कॉलोनियों की सूची बिजली निगम को भेजी है। अवैध कॉलोनी में किसी तरह का बिजली कनेक्शन न जारी करने को लेकर लिखा गया है। आमजन से अपील है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न लें, कॉलोनी के बारे में डीटीपी कार्यालय से जानकारी ले सकते हैं।
बिजली निगम अधिकारियों ने भी दिए निर्देेश
हिसार के बिजली निगम एसई अविनाश यादव ने बताया कि जिला योजनाकर विभाग हिसार की तरफ से उनके पास कालोनियों की सूची आई है। नियमों के तहत किसी भी अवैध या अनधिकृत कॉलोनी में नया बिजली कनेक्शन जारी नहीं किया जाएगा, इस संबंध में सभी संबंधित उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

