Smart Market : हरियाणा में पहली स्मार्ट मार्केट बनाने की योजना बनाई है। यह स्मार्ट मार्केट रोहतक में नगर निगम द्वारा तैयार की जाएी। नगर निगम कॉमर्शियल मार्केट को रोहतक की पहली स्मार्ट मार्केट के रूप में विकसित करेगा। इसके सौंदर्याकरण और जीर्णोद्धार पर 99.60 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
प्रोजेक्ट पूरा होने पर दुकानदारों को व्यापार के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। रोजाना खरीदारी के लिए आने वाले शहरवासियों का अनुभव भी पूरी तरह बदल जाएगा। मार्केट में एनर्जी सेविंग एलईडी लाइट्स और डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से परिसर की निगरानी होगी।
अक्सर थोड़ी सी बारिश में ही बाजार की नालियां ओवरफ्लो हो जाती हैं। इससे खरीदारों और दुकानदारों को परेशानी होती है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम में एडवांस तकनीक के सेंसर लगाए जा रहे हैं। ये पानी के बढ़ते जलस्तर और कचरे के जमाव पर नजर रखेंगे। जैसे ही नाला ब्लॉक होने लगेगा, सेंसर तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट भेज देगा। इससे टीम मौके पर नाले की सफाई कर सकेगी।
पार्किंग का झंझट खत्म : बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। गाड़ियों और दोपहिया वाहनों के लिए स्मार्ट पार्किंग स्पेस बनेगा।
पैदल के लिए सेफ वॉकवे : पैदल चलने वालों के लिए चौड़े और समतल फुटपाथ (पेवर ब्लॉक) तैयार किए जाएंगे, ताकि बुजुर्ग और बच्चे खरीदारी कर सकें।
ईवी चार्जिंग की मिलेगी सुविधा : ई-व्हीकल चलाने वालों को ध्यान में रखते हुए मार्केट परिसर में ही ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
सड़क किनारे अतिक्रमण से मुक्ति : रेहड़ी-पटरी वालों के लिए अलग से वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। इससे रास्ते खुले रहेंगे और छोटे दुकानदारों को भी पक्की जगह मिल सकेगी।
रोहतक नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र दुहन ने बताया कि हमारा मकसद सेक्टर-3 की मार्केट को शहर के लिए मॉडल बनाना है। टेंडर जारी हो चुका है और जल्द काम शुरू होगा। ग्राहकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

