Haryana Roadways: हरियाणा रोडवेज विभाग यात्रियों के सफर को बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। प्रदेश के यात्रियों को साफ-सुथरी और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए रोडवेज विभाग ने बसों की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा के दादरी रोडवेज डिपो में अब बसों की सफाई पुरानी मशीन की जगह नई आधुनिक मशीन से की जाएगी। इसके लिए विभाग को करीब 11 लाख 45 हजार रुपए कीमत की नई मशीन उपलब्ध हुई है।
115 बसों की आधुनिक तरीके से होगी सफाई
हरियाणा रोडवेज की बसों की सफाई के लिए आधुनिक मशीन को डिपो में पहुंचा दिया गया है और जल्द इसे सफाई व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। इससे डिपो में आने वाली रोडवेज की 115 बसों की सफाई का काम अधिक सुविधाजनक और आधुनिक तरीके से किया जा सकेगा।
बता दें कि रोडवेज डिपो में रोजाना बसों का संचालन होने के कारण उनकी नियमित सफाई जरूरी होती है। प्रतिदिन रोडवेज बसें लंबी दूरी तय करती हैं और अलग-अलग रूटों पर चलने के कारण उनमें बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। ऐसे में बसों की साफ-सफाई व्यवस्था यात्रियों की सुविधा से सीधे जुड़ी हुई है।
पुरानी मशीन हो गई थी कंडम
हरियाणा प्रदेश के दादरी डिपो में बसों की सफाई के लिए पहले से मशीन उपलब्ध थी, लेकिन लंबे समय से लगातार इस्तेमाल के कारण वह कंडम हो चुकी है। ऐसे में नई मशीन आने से बस की सफाई व्यवस्था बेहतर हो पाएगी। हरियाणा रोडवेज विभाग के जीएम नवीन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रोडवेज बस यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रोडवेज विभाग की स्पेशलिस्ट यात्रियों को सफर आसान और साफ सुथरा होगा।

