Kabaddi Champions League : कबड्डी चैम्पियंस लीग (केसीएल) में दो नई फ्रेंचाइजी को शामिल किया गया है। कबड्डी चैम्पियंस लीग में अब जींद व कुरुक्षेत्र की टीमों का भी धमाल देखने को मिलने वाला है। इसमें जींद व कुरुक्षेत्र की अलग-अलग फ्रेंचाइजी को शामिल किया गया है।
लीग में जींद जगुआर्स और कुरुक्षेत्र नाइट्स की एंट्री दी गई है। पहले इसी लीग में 8 टीम थी, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इस वर्ष होने वाली लीग में जींद जगुआर्स और कुरुक्षेत्र नाइट्स भी खिलाड़ियों की मेगा ऑक्शन में भाग लेने वाले है। ऐसे में दो नई टीम बनने के बाद प्रदेश के ज्यादा कबड्डी खिलाड़ियों को लीग में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।
इस बार प्रत्येक टीम का पर्स 4 करोड़ रुपए रखा गया है। ऐसे में लीग में कुल दस टीमों द्वारा खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के लिए 40 करोड़ रुपये का बजट मिलेगा। ट्रायल और शॉर्ट लिस्टिंग प्रक्रिया के बाद उभरते टैलेंट को नीलामी पूल में शामिल किया जाएगा। इससे प्रदेश के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रो-लेवल पर पहचान बनाने के रास्ते खुलेंगे। पहले सीजन में रोमांचक फाइनल मुकाबले में रोहतक रॉयल्स ने भिवानी बुल्स को 32-30 से हराकर पहला खिताब अपने नाम किया था।
लीग में ज्यादा खिलाड़ियों को मौका
कबड्डी चैम्पियंस लीग (केसीएल) में दो नई टीम जुड़ने के बाद ज्यादा खिलाड़ियों को शामिल होने का मौका मिलेगा। इन दोनों टीम के बाद प्रदेश के करीब 35 खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी से जुड़ने का मौका मिलेगा। इन दो टीमों के शामिल होने के बाद कबड्डी प्रतिद्वंद्विता अब मैट पर दिखाई देगी। जीटी रोड बेल्ट और बांगर क्षेत्र में भी कबड्डी का जोश देखने को मिलेगा। 4 करोड़ के पर्स से खिलाड़ियों की मैच फीस और बेस प्राइस में इस बार बढ़ोतरी होनी तय है।
इस सीजन में 150 से ज्यादा खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के महासचिव नसीब जांघू ने बताया कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा’ में खेले गए पहले सीजन में 128 खिलाड़ियों पर बोली लगी थी। इस बार यह आंकड़ा 150 को पार करेगा।
सिर्फ हरियाणा के खिलाड़ियों की लीग
द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता आरएस खोखर ने बताया कि इस लीग की पहचान इसका हरियाणा-केंद्रित मॉडल है। इसमें केवल प्रदेश के खिलाड़ियों को ही खेलने का मौका मिलता है। पहले खिलाड़ी अवसर के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर थे।

