Special Train: हरियाणावासियों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जन्माष्टमी के मौके पर दिल्ली से रींगस के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने फैसला लिया है। इस स्पेशल ट्रेन का हरियाणा के स्टेशनों पर भी ठहराव होगा। ऐसे में यहां से खाटूश्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका फायदा मिलेगा।
इस साल 4 अगस्त 2026 को जन्माष्टमी का त्यौहार मनाया जा रहा है। इसलिए यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से रींगस के बीच स्पेशल ट्रेन संचालित करने की निर्णय लिया है।
यहां देखें पूरा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने इस पर अधिक जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन नंबर 04415, दिल्ली- रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 3 सितंबर से 5 सितंबर तक दिल्ली से शाम 06.50 बजे रवाना होकर रात 12.40 बजे रींगस स्टेशन पर पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 04416, रींगस- दिल्ली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 4 से 6 सितंबर तक रात 2 बजे रींगस स्टेशन से रवाना होकर सुबह 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
ये ट्रेन दोनों दिशाओं में दिल्ली सराय, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में यात्रियों को 14 जनरल कोच और दो गार्ड डिब्बों सहित 16 डिब्बों की सुविधा मिलेगी। यह स्पेशल ट्रेन कुल 3 ट्रिप में चलेगी।
यह पूरी तरह से अनारक्षित (Unreserved) स्पेशल ट्रेन है, इसलिए यात्री रेलवे स्टेशन के जनरल काउंटर या UTS ऐप के माध्यम से सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकते हैं। इस ट्रेन का सबसे ज्यादा फायदा खाटू श्याम जानें वाले यात्रियों को मिलेगा।

