July 21, 2026
Voice Of Panipat
Big Breaking NewsIndia NewsINFORMATIVELatest News

LinkedIn पर फेक जॉब स्कैम का जाल, I4C ने जारी की बड़ी चेतावनी

वॉयस ऑफ पानीपत (हिमांशी चावला) – अगर आप LinkedIn पर नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आजकल LinkedIn पर फेक जॉब स्कैम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस स्कैम में ठग खुद को किसी बड़ी कंपनी का HR या Recruiter बताकर नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से संपर्क करते हैं। वे खासतौर पर उन लोगों को निशाना बनाते हैं जिन्होंने LinkedIn पर “Open to Work” लगाया हो, हाल ही में अपना रिज्यूमे अपडेट किया हो, इंटर्नशिप, वर्क फ्रॉम होम जॉब या नई नौकरी की तलाश कर रहे हों। ठग पहले उम्मीदवार की प्रोफाइल ध्यान से देखते हैं और फिर मैसेज या ईमेल के जरिए अच्छी सैलरी, तुरंत जॉइनिंग और बिना इंटरव्यू नौकरी मिलने का लालच देते हैं। भरोसा जीतने के लिए वे कंपनी का लोगो, फर्जी ऑफर लेटर और नकली इंटरव्यू शेड्यूल भी भेजते हैं, जिससे सब कुछ असली जैसा लगता है। इसके बाद वे रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट, ट्रेनिंग चार्ज, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, लैपटॉप या जॉइनिंग किट के नाम पर पैसे मांगते हैं। कई बार आधार, पैन, बैंक अकाउंट, OTP, UPI PIN और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी भी मांग ली जाती है। ध्यान रखें कि कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी नौकरी देने के लिए उम्मीदवार से फीस या बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती।

फर्जी रिक्रूटर से बचने के लिए उसकी LinkedIn प्रोफाइल अच्छी तरह जांचें। यह देखें कि प्रोफाइल कब बनी है, कितने कनेक्शन हैं, वह नियमित रूप से एक्टिव है या नहीं। केवल LinkedIn का ब्लू टिक देखकर भरोसा न करें, क्योंकि यह सिर्फ पहचान का संकेत है, नौकरी की गारंटी नहीं देता। किसी भी जॉब ऑफर को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक ईमेल से जरूर वेरिफाई करें। अगर किसी ऑफर पर थोड़ा भी शक हो तो सीधे कंपनी से संपर्क करके पुष्टि करें। अगर कोई व्यक्ति इस स्कैम का शिकार हो जाता है, तो उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ पहचान की चोरी, बैंक खाते से पैसे निकलने और दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत अपने बैंक या UPI सेवा प्रदाता को सूचना दें, सभी पासवर्ड बदलें, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और स्कैम से जुड़े सभी स्क्रीनशॉट, ईमेल और ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ राहुल मिश्रा के अनुसार, किसी भी नौकरी के ऑफर पर आंख बंद करके भरोसा न करें। पहले कंपनी और रिक्रूटर की पूरी जांच करें और किसी भी स्थिति में पैसे, OTP या बैंक से जुड़ी कोई भी जानकारी शेयर न करें।

TEAM VOICE OF PANIPAT

Related posts

अब बारिश देगी दस्तक,3 दिन बाद बरसेंगे बदरा, पढ़ें कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Voice of Panipat

हरियाणा में 42 अफसरों के तबादलें, 41 HCS अधिकारी इधर-उधर

Voice of Panipat

PANIPAT के लोगों का सांसद आवास के बाहर राम सिमरन, बिजली समस्या से परेशान

Voice of Panipat