Voice Of Panipat
Big Breaking NewsHaryanaLatest News

फतेह मार्च सिंघु बॉर्डर से पंजाब रवाना, जगह-जगह शानदार स्वागत

 वायस ऑफ पानीपत ;-  दिल्ली और हरियाणा के बीच सिंघु-टिकरी बॉडर्र पर आंदोलन कर रहे किसानों की आज घर वापसी हो रही है। तीन कृषि कानूनों के विरोध में 26 नवंबर 2020 को, यानी अब से 380 दिन पहले किसानों ने दिल्ली कूच करने का ऐलान किया था। जब उन्हें प्रशासन ने जगह-जगह बलपूर्वक रोकने की कोशिश की। आज 11 दिसंबर को किसान विजयी होकर घर लौट रहे हैं।

इस फतेह मार्च की अगुआई सिख परंपरा के अनुसार श्री गुरु ग्रंथ साहिब के साथ पंज प्यारों ने की। इस फतेह मार्च में  किसानों के आगे घोड़ा गाड़ियां और किसान सेना का बड़ा काफिला चल रहा है। किसान नेता कह रहे हैं कि आज हर किसान अपना सिर ऊंचा करके पंजाब में प्रवेश करेगा, सम्मान से घर जाएगा। रास्ते में कई जगह किसानों के स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

अब हर दीवाली, होली, लोहड़ी, बैसाखी सब त्योहार घर पर मनाए जाएंगे। पिछले 1 साल 15 दिन से किसान सर्दी, गर्मी और बारिश का मौसम, हर त्योहार,  दिल्ली के बॉर्डरों पर ही व्यतीत कर रहे थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। 

सिंघु बॉर्डर से आज जब किसान रवाना हुए तो सरबत दा भला की अरदास की गई। सिंघु बॉर्डर पर अब कोई स्टेज नहीं है, लेकिन पंडाल से आखिरी बार अरदास की गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की अगुआई में शुरू हुए फतेह मार्च पर फूल बरसाए गए। फतेह मार्च रवाना हो चुका है और रास्ते में जगह-जगह पर किसानों के लिए लंगर लगाए गए हैं। 26 जनवरी के बाद यह पहला मौका है, जब देश की सड़कों पर एक बार फिर से ट्रैक्टरों की लंबी कतार देखने को मिलेंगी।

फतेह मार्च का पहला पड़ाव करनाल में रखा गया है। रात को किसान यहां पर विश्राम करेंगे और यहीं पर उनके लिए लंगर और रहने की व्यवस्था की गई है। रविवार की सुबह इसी अंदाज में यह मार्च पंजाब के लिए रवाना हो जाएगा। रविवार की रात का पड़ाव चार साहिबजादों के शहीदी स्थल श्री फतेहगढ़ साहिब में होगा। इसके बाद यह मार्च सोमवार को श्री अमृतसर साहिब के गोल्डन गेट तक पहुंचेगा। यहां से भव्य नगर कीर्तन निकालते हुए श्री हरिमंदिर सहिब जाएगा और वहां किसान नेता वाहेगुरू का शुक्रराना करेंगे।

घर लौट रहे किसानों के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। कुछ जगह ड्रोन से फूल बरसाए जाएंगे। इतना ही नहीं टोल प्लाजा पर किसानों के लिए पकवान भी बनाए जा रहे हैं। इसमें खीर, हलवा-पूरी, जलेबी और रोटी सब्जी शामिल हैं। इतना ही नहीं जश्न मनाने के लिए टोल प्लाजा पर डीजे का भी इंतजाम किया गया है। 

किसानों की घर वापसी को लेकर हरियाणा पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। पंजाब की तरफ जाने वाले हरियाणा के तमाम रास्तों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बहादुरगढ़ और सोनीपत में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शनिवार शाम तक कुछ स्थानों पर रूट भी डायवर्ट किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।  किसानों के काफिले के साथ एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत राहत दी जा सके।

TEAM VOICE OF PANIPAT

Related posts

Google Pay लाया UPI Circle फीचर, पेमेंट करना हो जाएगा मजेदार, जानें कैसे

Voice of Panipat

किसानो का ट्रैक्टर मार्च जारी, कृषि राज्य मंत्री ने की शांति बनाए रखने की अपील

Voice of Panipat

PANIPAT:- नहर किनारे ठेके पास युवक पी रहा था शराब, पिता को देख नहर में लगाई छलांग,युवक लापता

Voice of Panipat