34.3 C
Panipat
August 30, 2026
Voice Of Panipat
Big Breaking News

हरियाणा के सीएम ने खोला सौगातों का पिटारा, 174.66 करोड़ रुपये की 22 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण, देखें पूरी लिस्ट

Haryana CM unveils a host of gifts; inaugurates 22 development projects worth ₹174.66 crore – check the full list.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नूंह जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 174.66 करोड़ रुपये की लागत की 22 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ खेल, शिक्षा और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने 17 परियोजनाओं का शिलान्यास और 5 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इन परियोजनाओं में सबसे बड़ी परियोजना नूंह में पुराने सीएचसी परिसर में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड क्षमता वाले जिला सामान्य अस्पताल (डीसीएच) का निर्माण है, जिसका मुख्यमंत्री ने शिलान्यास किया। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के तहत गांव अड़बर में 60 लाख रुपये, गांव छारोड़ा में 79 लाख रुपये, गांव कंकर खेड़ी (खेरली नूंह) में 64 लाख रुपये, गांव नई में 69 लाख रुपये, गांव सिरोली में 61 लाख रुपये तथा गांव इंडरी में 63 लाख रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र (एसएचसी) भवनों का निर्माण किया जाएगा। गांव पढ़ेनी में 50 लाख रुपये और पिनगवां में 62 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवनों का निर्माण भी किया जाएगा।

इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर,  हथीन के विधायक मोहम्मद इसराईल, नूंह के विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर-झिरका के विधायक मामन खान सहित अन्य गणमान्य  उपस्थित थे।

*खेल और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी मिलेगी मजबूती*

मुख्यमंत्री ने मेवात विकास अभिकरण की विभिन्न परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी। इनमें नूंह में 2.45 करोड़ रुपये की लागत से सार्वजनिक पार्क का निर्माण, पिनगवां में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का नवीनीकरण तथा 1.47 करोड़ रुपये की लागत से 100 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना शामिल है।

इसी प्रकार, नूंह खंड के 33 राजकीय विद्यालयों में 1 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालयों का निर्माण, हथीन खंड में 39 लाख रुपये की लागत से उपमंडल स्तरीय पुस्तकालय का निर्माण, हथीन खंड के 14 राजकीय विद्यालयों में 1 करोड़ रुपये की लागत से हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना तथा हथीन खंड के 10 राजकीय विद्यालयों में 50 लाख रुपये की लागत से खेल मैदानों का विकास किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने पिनगवां खंड के गांव लाहबास में 86 लाख रुपये की लागत से अल्वी भवन के निर्माण की भी आधारशिला रखी।

*बीपीएचयू और टीबी कार्यालय भवन का उद्घाटन*

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें पुन्हाना सीएचसी परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवन तथा मांडीखेड़ा नागरिक अस्पताल परिसर में 1.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टीबी कार्यालय भवन शामिल हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मेवात विकास अभिकरण के तहत गांव शाहपुर-नंगली (नूंह) एवं कामेड़ा (फिरोजपुर झिरका) में 85 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण तथा जिला नूंह के 16 राजकीय विद्यालयों में 80 लाख रुपये की लागत से मिलने वाली खेल सुविधाओं का उदघाटन किया है। मुख्यमंत्री ने 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि का वितरण भी किया। यह राशि मुख्यमंत्री मेवात गरीब मेधावी छात्रवृत्ति योजना एवं मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नूंह जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल सहित आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार करते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से जहां स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों और युवाओं के लिए शिक्षा एवं खेल की बेहतर सुविधाएं भी विकसित होंगी। सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts

Panipat में आज मतगणना की रिहर्सल, कल घोषित होगा रिजल्ट

Voice of Panipat

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड को लाया गया भारत

Voice of Panipat

हरियाणा विधानसभा में राठी ह*त्याकांड पर हंगामा,गृहमंत्री विज ने CBI जांच की दी मंजूरी

Voice of Panipat

Leave a Comment