Haryana Weather update: हरियाणा में आज फिर झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और कहीं- कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के अनुसार, मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा और उत्तरी हरियाणा के ऊपर बनने जा रहे साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण प्रदेश में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ रही है और बारिश की संभावना है।
तीन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
इस वजह से कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज 18 अगस्त को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, और करनाल में भी तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में हल्की बारिश के आसार
इसके अलावा सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर,गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी व हल्की बारिश की संभावना है।

