March 12, 2026
Voice Of Panipat
Big Breaking NewsLatest NewsPANIPAT NEWS

पानीपत:- शादी से 7 दिन पहले तोड़ा रिश्ता, मांगी क्रेटा गाड़ी, पानीपत की युवती से हुई थी सगाई

पानीपत में कपड़ा दुकानदार की बेटी की शादी के कार्ड बंटने के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया…असल में उन्होंने पहले सगाई के वक्त दहेज का सामान, गहने-कैश ले लिए। फिर बारात आने के 7 दिन पहले अचानक क्रेटा कार मांग ली। दुकानदार ने इतनी जल्दी इंतजाम न कर पाने की दुहाई दी लेकिन उन्होंने रिश्ता ही तोड़ लिया। जिसकी शिकायत लड़की के पिता ने पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मां-बेटा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी कपड़ों की दुकान है। उसकी 21 वर्षीय बेटी के रिश्ते के लिए करीब 4 माह पहले साहिल कटारिया व इसकी मां अंजली कटारिया ने बातचीत शुरू की थी।

उन्होंने लड़के का काम दवाइयों का होलसेल का काम बताया था। उस दौरान लड़की वालों ने कहा था कि वे बहुत गरीब है व दहेज नहीं दे पाएंगे। दोनों पक्षों की सहमति से 19 सितंबर को सगाई का कार्यक्रम तय किया गया।आरोपियों ने सगाई वृंदावन के अच्छे होटल में करने की बात कही। लड़की के पिता ने असमर्थता जताई, तो उन्होंने 1.20 लाख रुपए नकद लिए और कहा बाकी बंदोबस्त वे कर देंगे।

सगाई से एक दिन पहले आरोपियों ने फोन किया और कहा कि सगाई पर सभी रिश्तेदार और दोस्त आएंगे, तो ऐसे में वे सोने की क्या-क्या आइटम लेकर आ रहे हैं। पिता ने सिर्फ सोने की अंगूठी की बात कही। इस पर आरोपियों ने सोने की चेन की मांग की। पिता ने बताया कि उसने भाई से पैसे उधार लेकर चेन खरीदी और अगले दिन सगाई पर उन्हें सोने की अंगूठी व चेन दी। सभी रिश्तेदारों को 2100-2100 रुपए व मिठाई के डिब्बे दिए।

सगाई कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे वहां से चलने लगे तो आरोपियों ने दहेज में घर की सभी जरूरी आइटम जैसे टीवी, बेड, सोफा, अलमारी, रिश्तेदारों के कपड़े व बर्तन आदि की मांग की। शादी की तारीख 28 नवंबर की तय हुई। 13 नवंबर को आरोपियों द्वारा मांगा गया सामान पिता खुद वृंदावन देकर आया।

इस दौरान लड़के ने अपने कपड़ों के लिए 45 हजार रुपए कैश लिए। लड़की वालों ने सभी रिश्तेदारियों में शादी के कार्ड बांट दिए और सभी खरीदारी पूरी कर ली। 21 नवंबर को लड़के का फोन आया और कहा कि वह शादी नहीं करेगा। लड़के की मां ने कहा कि उन्हें क्रेटा कार चाहिए। अगर वे दे सकते हैं तो बात आगे बढ़ाएंगे नहीं तो शादी कैंसिल है। इसके बाद से लड़का पक्ष ने कोई बातचीत नहीं की।

TEAM VOICE OF PANIPAT

Related posts

दिल्ली-हरियाणा के बीच दौड़ने वाली 4 ट्रेन कैंसिल, देखिए कौन- कौन सी

Voice of Panipat

संयुक्त किसान मोर्चा व केंद्र सरकार के बीच बनी सहमति, 12 बजे होगी SKM की सिंघु बॉर्डर पर मीटिंग

Voice of Panipat

हरियाणा सरकार 4000 युवाओं को भेज रही इजराइल, जानें आवेदन की तरीका

Voice of Panipat