logo

Jio vs Airtel : जियो ने फिर दिखाया दम, एक महीने में जोड़े 19 लाख मोबाइल ग्राहक, एयरटेल से 10 गुणा ज्यादा 

 
Jio vs Airtel  जियो ने फिर दिखाया दम, एक महीने में जोड़े 19 लाख मोबाइक ग्राहक, एयरटेल से 10 गुणा ज्यादा 

Jio vs Airtel users : देश के टेलीकॉम बाजार में रिलायंस जियो ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया है। मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने के मामले में जियो ने सितंबर महीने में ऐसा प्रदर्शन किया कि एयरटेल और वोडाफोन आइडिया जैसी कंपनियां पीछे रह गईं। 

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की रिपोर्ट पर आधारित विश्लेषण के अनुसार मशीन-टू-मशीन (M2M) कनेक्शन को हटाने के बाद जियो ने एक महीने में 19 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े, जबकि एयरटेल के खाते में महज 2 लाख ग्राहक आए। यानी नए ग्राहकों को जोड़ने में जियो ने एयरटेल के मुकाबले करीब 10 गुना बेहतर प्रदर्शन किया।

देश में इस श्रेणी के मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या 22 लाख बढ़ी, जिसमें अकेले जियो की हिस्सेदारी करीब 86 फीसदी रही। एक्टिव मोबाइल यूजर्स के मामले में भी जियो ने मजबूत प्रदर्शन किया। DAM Capital की रिपोर्ट के मुताबिक, M2M कनेक्शन हटाकर की गई गणना में सितंबर के दौरान जियो के एक्टिव यूजर्स की संख्या 13 लाख बढ़ी, जबकि एयरटेल व वोडाफोन आइडिया के एक्टिव यूजर्स घटे।

एयरटेल के 2 लाख और वोडाफोन आइडिया के 3 लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए। इस आधार पर देशभर में एक्टिव मोबाइल यूजर्स की कुल संख्या में 6 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुल मोबाइल ग्राहक संख्या के मामले में भी जियो ने अपनी बढ़त बरकरार रखी।

TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर के अंत में जियो के पास 51.11 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे, जबकि एयरटेल का ग्राहक आधार 49.43 करोड़ रहा। वहीं, वोडाफोन आइडिया के 20.01 करोड़ और सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL के 9.43 करोड़ मोबाइल ग्राहक थे। इन कुल आंकड़ों में M2M कनेक्शन भी शामिल हैं।